एससी-एसटी निधि के कथित दुरुपयोग और एक्ट बनाने की मांग को लेकर जोरावर स्टेडियम में महासम्मेलन के बाद विधानसभा परिसर की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी, पुलिस ने भारी बल तैनात कर रोका।

कांगड़ा विजय समयाल 20/11/2026:हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान शुक्रवार को एससी-एसटी समुदाय के लोगों ने अपने अधिकारों की मांग को लेकर तपोवन में मोर्चा खोला। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर से जुड़े संगठनों के पदाधिकारियों और एससी-एसटी समुदाय के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के लिए विधानसभा परिसर की ओर कूच किया। लेकिन जोरावर स्टेडियम के पास पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उनका रास्ता रोक दिया। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री से मिले बिना वापस लौटने को तैयार नहीं थे।
एससी-एसटी समुदाय के अधिकारों और उनकी मांगों को लेकर शुक्रवार को जोरावर स्टेडियम में महासम्मेलन आयोजित किया गया। महासम्मेलन के बाद विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और समुदाय के लोग अपनी मांगें सरकार के समक्ष रखने के लिए विधानसभा तपोवन की ओर बढ़े। उनका कहना था कि लंबे समय से समुदाय के अधिकारों और विकास के लिए निर्धारित बजट के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एससी-एसटी समुदाय के कल्याण और विकास के लिए आने वाली निधि को निर्धारित उद्देश्यों के बजाय अन्य कार्यों पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने इस कथित बजट दुरुपयोग की जांच करवाने, खर्च का हिसाब सार्वजनिक करने और एससी-एसटी निधि का पैसा समुदाय के विकास पर ही खर्च करने की मांग उठाई। इसके साथ ही समुदाय के अधिकारों की सुरक्षा के लिए एससी-एसटी एक्ट बनाने की मांग भी प्रमुखता से रखी।

एससी-एसटी संगठन के पदाधिकारी
हम यहां किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि अपने समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए पहुंचे हैं। एससी-एसटी समुदाय के विकास के लिए केंद्र से जो बजट आता है, उसे निर्धारित उद्देश्यों पर ही खर्च किया जाना चाहिए। हमारा आरोप है कि इस बजट का कहीं और इस्तेमाल किया जा रहा है। सरकार इस पूरे मामले की जांच करवाए और बजट का पूरा हिसाब जनता के सामने रखे। हमारे समाज के हक का पैसा समाज के विकास पर ही खर्च होना चाहिए।
वहीं, विधानसभा परिसर की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने जोरावर स्टेडियम के पास भारी पुलिस बल तैनात किया था। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उनका रास्ता रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री से मुलाकात करवाने की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि वे अपनी मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखना चाहते हैं और बिना मुलाकात के वापस नहीं जाएंगे।
बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर संगठन के पदाधिकारी
हमारी प्रमुख मांग है कि एससी-एसटी समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए अलग से एससी-एसटी एक्ट बनाया जाए। जब हमारे समाज के विकास के लिए बजट निर्धारित है तो उसका लाभ भी समाज के लोगों तक पहुंचना चाहिए। हम मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी मांगें रखना चाहते हैं। पुलिस हमें रोक रही है, लेकिन हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं। सरकार हमारी मांगों को गंभीरता से सुने और जल्द उचित फैसला ले।
फिलहाल जोरावर स्टेडियम के बाहर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच गतिरोध की स्थिति बनी रही। एक तरफ प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री से मिलने की मांग पर अड़े रहे तो दूसरी तरफ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत उन्हें आगे बढ़ने से रोके रखा। अब देखना होगा कि सरकार एससी-एसटी समुदाय की मांगों पर क्या निर्णय लेती है और उनके प्रतिनिधियों की मुख्यमंत्री से मुलाकात हो पाती है या नहीं।

