Reading: कला के विविध रंगों और सकारात्मक जीवन-दृष्टि का संगम बनी ‘त्रिवेणी’ चित्रकला प्रदर्शनी – अनुपम कश्यप

कला के विविध रंगों और सकारात्मक जीवन-दृष्टि का संगम बनी ‘त्रिवेणी’ चित्रकला प्रदर्शनी – अनुपम कश्यप

RamParkash Vats
5 Min Read

उपायुक्त ने किया प्रदर्शनी का शुभारंभ

शिमला में चंडीगढ़ के तीन कलाकारों की कलाकृतियों ने दर्शकों को किया आकर्षित

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने आज ठाकुर हॉल, शिमला में चंडीगढ़ के तीन प्रतिष्ठित कलाकारों की चित्रकला प्रदर्शनी ‘त्रिवेणी’ का शुभारंभ किया। तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी में राखी उन्नी सिंह, शिल्पी सिंह पटेल तथा के.आर. कोहली की विविध विषयों पर आधारित आकर्षक एवं संदेशपरक कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।

कलाकृतियों में प्रकृति, संघर्ष और सकारात्मक जीवन-दृष्टि का अनूठा संगम
इस अवसर पर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित कलाकृतियों का अवलोकन किया और कलाकारों की रचनात्मकता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘त्रिवेणी’ प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रकलाएं अपनी विशिष्ट विषयवस्तु और प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का संदेश देती हैं। इन कलाकृतियों में प्रकृति की सुंदरता, जीवन के संघर्ष, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सरोकारों को बेहद रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि चित्रकलाओं में फूलों के माध्यम से खुशहाल एवं सकारात्मक जीवन का संदेश दिया गया है, वहीं समुद्री जहाज और नाव के चित्रों के जरिए जीवन में आने वाली चुनौतियों तथा संघर्षों का सामना करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। जीवन में कठिनाइयां और विपरीत परिस्थितियां आती रहती हैं, लेकिन सकारात्मक सोच और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ हर चुनौती से उबरकर आगे बढ़ना ही जीवन का वास्तविक सार है।

पारंपरिक खेलों और महिला सशक्तिकरण को भी मिला विशेष स्थानअनुपम कश्यप ने कहा कि प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न सामाजिक विषयों को भी कलात्मक अभिव्यक्ति प्रदान की गई है। कलाकार के.आर. कोहली द्वारा पुराने पारंपरिक खेलों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करने का प्रयास विशेष रूप से सराहनीय है। ऐसे प्रयास हमारी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक खेलों को नई पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कला प्रदर्शनियां स्थानीय लोगों को देश के अन्य हिस्सों से आए कलाकारों की रचनात्मकता, अनुभवों और विचारों को नजदीक से समझने का अवसर प्रदान करती हैं। इससे शहर में कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ कलाकारों और कला प्रेमियों के बीच संवाद का बेहतर मंच भी उपलब्ध होता है।

बिक्री के लिए भी उपलब्ध रहेंगी कलाकृतियां
प्रदर्शनी में प्रदर्शित कलाकृतियां बिक्री के लिए भी उपलब्ध हैं। ऐसे में कला प्रेमी अपनी पसंद की चित्रकलाओं को खरीदकर न केवल अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों की सुंदरता बढ़ा सकते हैं, बल्कि कलाकारों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने में भी योगदान दे सकते हैं। यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों के लिए विशिष्ट एवं मौलिक कलाकृतियों को करीब से देखने, उनके पीछे छिपे विचारों को समझने और उन्हें अपने संग्रह का हिस्सा बनाने का विशेष अवसर है।

कलाकारों और दर्शकों के बीच संवाद से समृद्ध होगी कलात्मक समझउपायुक्त ने शिमला जिला के लोगों से आग्रह किया कि वह अधिक से अधिक संख्या में इस प्रदर्शनी का अवलोकन करें तथा कलाकारों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी कलाकृतियों के पीछे निहित अवधारणाओं और संदेशों को समझने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकृति का वास्तविक अर्थ और सौंदर्य तभी बेहतर ढंग से समझा जा सकता है, जब दर्शक उसे केवल देखकर आगे न बढ़ें, बल्कि उसके पीछे कलाकार की सोच और अभिव्यक्ति को भी जानने का प्रयास करें। कलाकारों और दर्शकों के बीच इस प्रकार का संवाद दोतरफा सीखने और अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान करता है।उन्होंने तीनों कलाकारों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी शिमला में इस प्रकार की कला प्रदर्शनियों का आयोजन निरंतर होता रहेगा।उल्लेखनीय है कि ‘त्रिवेणी’ चित्रकला प्रदर्शनी तीन दिनों तक गेयटी थिएटर के ठाकुर हॉल, शिमला में आयोजित की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!