कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी द्वारा उठाए जा रहे जनमुद्दों को घर-घर पहुंचाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत आज फतेहपुर, इंदौरा और नूरपुर विधानसभा क्षेत्रों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठकें आयोजित की गईं।फतेहपुर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कांगड़ा जिला कांग्रेस प्रभारी एवं ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा और राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं फतेहपुर विधायक भवानी सिंह पठानिया विशेष रूप से मौजूद रहेl

जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनके मुद्दों को उठाएं और कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों को घर-घर तक पहुंचाएं।बैठक में एस आई आर , मतदाता सूची, कांग्रेस के ‘वोट चोरी’ के आरोप, पेपर लीक और बोट चोरी सहित विभिन्न मुद्दों को जनता के बीच ले जाने की रणनीति पर चर्चा की गई l

कांगड़ा जिला कांग्रेस प्रभारी सतपाल रायजादा ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एस आई आर और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस की चिंताओं को भी जनता तक पहुंचाया जाएगा।बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी कांग्रेस ने अपना पक्ष रखा। कांग्रेस एस आई आर और मतदाता सूची की प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाती रही है।
राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं फतेहपुर विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित करें और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं। बैठक में अभियान को पंचायत से बूथ स्तर तक ले जाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय जिम्मेदारियां देने पर जोर दिया गया।

