सिरमौर/नाहन। विभिन्न पुलिस, सेना एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए नाहन स्थित चंबा मैदान में अभ्यास के लिए समय-सारणी निर्धारित की गई है। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा के निर्देशों के तहत जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग ने मैदान के उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रमा शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों को सुबह 3:00 बजे से 5:30 बजे तक तथा शाम 6:00 बजे से 8:00 बजे तक एक माह के लिए अभ्यास की अनुमति दी गई है। निर्धारित समय के अलावा मैदान का उपयोग अभ्यर्थियों द्वारा नहीं किया जा सकेगा। इस अवधि में मैदान युवा सेवा एवं खेल विभाग की नियमित गतिविधियों के लिए उपलब्ध रहेगा।

व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा सुबह के सत्र के दौरान चंबा मैदान को खोलने और बंद करने के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सुबह और शाम दोनों सत्रों में मैदान में नियमित गश्त भी की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अनुशासनहीनता न हो।
उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी है और अगले एक माह तक लागू रहेगी। मैदान की बुकिंग होने की स्थिति में अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों के लिए शौचालय और वाटर कूलर की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
अभ्यर्थी केवल चंबा मैदान का उपयोग कर सकेंगे और इंडोर परिसर में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। इंडोर परिसर पंजीकृत एवं शुल्क देने वाले सदस्यों के लिए आरक्षित रहेगा। किसी भी अकादमी को मैदान में प्रशिक्षण संचालित करने की अनुमति नहीं होगी। फुटबॉल प्रशिक्षण सत्र के दौरान भी अभ्यर्थियों को मैदान में प्रवेश या अभ्यास में हस्तक्षेप की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

