Reading: चूड़धार में सीजन की तीसरी बर्फबारी, ठंड का प्रकोप बढ़ा; यात्रियों को लौटाया, 20 नवंबर के बाद यात्रा पर लग सकता है प्रशासनिक प्रतिबंध

चूड़धार में सीजन की तीसरी बर्फबारी, ठंड का प्रकोप बढ़ा; यात्रियों को लौटाया, 20 नवंबर के बाद यात्रा पर लग सकता है प्रशासनिक प्रतिबंध

RamParkash Vats
3 Min Read

सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी और लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र चूड़धार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रविवार सुबह चूड़धार में सीजन की तीसरी बर्फबारी दर्ज की गई। हल्की बर्फबारी के चलते प्रसिद्ध चूड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर सहित आसपास की ऊंची पहाड़ियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। ताजा हिमपात के बाद समूचे क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।जानकारी के अनुसार शनिवार शाम से ही चूड़धार क्षेत्र में ठंडी हवाएं चल रही थीं। रविवार सुबह मौसम में बदलाव के साथ ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरने शुरू हो गए। मंदिर परिसर की छतों, सीढ़ियों और सोलर पैनलों पर भी बर्फ की हल्की परत जम गई। वहीं, नौहराधार सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई।मौसम में आए इस बदलाव का असर मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी देखने को मिला। नौहराधार और हरिपुरधार में तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है। लोग ठंड से बचने के लिए आग और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही पर बढ़ी चिंता

चूड़धार में लगातार बदलते मौसम और बर्फबारी के बीच कुछ श्रद्धालु एवं पर्यटक भी यात्रा पर पहुंचे थे। हालांकि, प्रतिकूल मौसम और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए यात्रियों को वापस भेज दिया गया। पहाड़ी रास्तों पर बर्फ जमने से फिसलन बढ़ जाती है। ऐसे में पैदल यात्रा करना विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और अनुभवहीन यात्रियों के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है।

20 नवंबर के बाद यात्रा पर लग सकता है प्रतिबंध

जानकारी के अनुसार देवठन के अवसर पर 20 नवंबर को चूड़ेश्वर महादेव मंदिर के कपाट विधिवत बंद किए जाने की संभावना है। इसके बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से चूड़धार यात्रा पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है। हालांकि, अंतिम निर्णय आधिकारिक प्रशासनिक आदेश के बाद ही स्पष्ट होगा। मंदिर के कपाट बंद होने के पश्चात श्रद्धालुओं को अगले वर्ष अप्रैल माह तक यात्रा शुरू होने का इंतजार करना पड़ सकता है।

चूड़ेश्वर मंदिर समिति के प्रबंधक बाबूराम शर्मा ने भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों से मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने तथा अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की है।फिलहाल चूड़धार में बढ़ती ठंड और बर्फबारी ने सर्दियों के आगमन का एहसास करा दिया है। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए आस्था के साथ अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!