Reading: वजीर राम सिंह की पुण्यतिथि पर ‘शौर्यांजलि-2026’ का आयोजन

वजीर राम सिंह की पुण्यतिथि पर ‘शौर्यांजलि-2026’ का आयोजन

RamParkash Vats
5 Min Read

अंतर-विद्यालयीय दौड़ तथा अंतर-महाविद्यालयीय वाग्मिता एवं कविता पाठ प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

हंसते-हंसते मातृभूमि की आजादी के लिए प्राण न्योछावर कर गए वीर शिरोमणि वजीर राम सिंह पठानिया

वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय, देहरी द्वारा हिमवीर जागृति मंच के संयुक्त तत्वावधान में महान स्वतंत्रता सेनानी वजीर राम सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर 13 नवम्बर 2026 को ‘शौर्यांजलि-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महान स्वतंत्रता सेनानी के साहस, त्याग, राष्ट्रभक्ति एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को स्मरण करते हुए युवा पीढ़ी को उनकी गौरवशाली विरासत से परिचित करवाना था। उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2025 में वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय, देहरी एवं हिमवीर जागृति मंच के संयुक्त प्रयास से की गई थी। इस वर्ष आयोजित कार्यक्रम इसका दूसरा संस्करण था, जिसमें खेल, साहित्य एवं बौद्धिक अभिव्यक्ति से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में अंतर-विद्यालयीय दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका शुभारंभ रैहन मैदान से हुआ तथा समापन वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय, देहरी में हुआ। इसमें क्षेत्र के सात विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. कामाक्षी लुम्बा शर्मा ने मुख्य अतिथि श्री एस.के. शर्मा, सेवानिवृत्त प्राचार्य, वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय, देहरी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए प्रतिभागियों, हिमवीर जागृति मंच के सदस्यों, गणमान्य अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का भी स्वागत किया।

अंतर-विद्यालयीय दौड़ प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सीआरसी रैहन के निखिल शर्मा, कक्षा 11वीं, सुपुत्र श्री राकेश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इसी विद्यालय के अभय कौंडल, कक्षा 12वीं, सुपुत्र श्री अमित कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भरमाड़ की अंशिका, कक्षा 10वीं, सुपुत्री श्री मदन लाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि टैगोर मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रैहन की मन्नत ठाकुर, कक्षा 11वीं, सुपुत्री श्री कुलदीप सिंह ने द्वितीय स्थान हासिल किया। समग्र विद्यालय चैंपियनशिप (Overall School Championship) में सीआरसी रैहन ने प्रथम तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भरमाड़ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत अंतर-महाविद्यालयीय वाग्मिता प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें चार महाविद्यालयों के सात विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रभावशाली वक्तृत्व कला, तार्किक चिंतन, आत्मविश्वास एवं समसामयिक तथा राष्ट्रीय विषयों पर अपने विचारों को सशक्त ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करना था। इस प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय, तकीपुर की कशिश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय महाविद्यालय, रे की अनीता देवी द्वितीय स्थान पर रहीं।इसी क्रम में विद्यार्थियों की साहित्यिक अभिरुचि, रचनात्मकता एवं काव्यात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतर-महाविद्यालयीय कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें पांच महाविद्यालयों के सात विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में राजकीय आर्य महाविद्यालय, नूरपुर के वंश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय, देहरी की तमन्ना चौधरी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

दोनों प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन हेतु निर्णायक मंडल में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रैहन की प्रवक्ता (हिंदी) श्रीमती रीता देवी, सीआरसी आदर्श राजकीय विद्यालय, रैहन की भाषा अध्यापिका श्रीमती कल्पना शर्मा तथा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजा का तालाब के भाषा अध्यापक श्री जितेंद्र कुमार शामिल रहे।

निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, विषयवस्तु, अभिव्यक्ति कौशल एवं रचनात्मकता के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं, हिमवीर जागृति मंच की ओर से अंतर-विद्यालयीय प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रोत्साहन स्वरूप प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ₹3,000 तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ₹2,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

शौर्यांजलि-2026’ ने विद्यार्थियों को अपनी खेल, साहित्यिक एवं वक्तृत्व प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच प्रदान किया। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं में शारीरिक स्वास्थ्य, रचनात्मकता, आत्मविश्वास, अनुशासन, तार्किक चिंतन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहन मिला।महाविद्यालय प्रशासन एवं हिमवीर जागृति मंच ने कार्यक्रम में सहभागी सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, प्रतिभागियों, अतिथियों, निर्णायक मंडल के सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा आयोजन की सफलता में उनके योगदान की सराहना की। इस प्रकार ‘शौर्यांजलि-2026’ के माध्यम से महान स्वतंत्रता सेनानी वजीर राम सिंह के साहस, त्याग, राष्ट्रप्रेम एवं गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!