पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की अपील, प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

सिरमौर/नौहराधार—-जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत के मामले को लेकर क्षेत्र में चिंता का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र की जामु कोटी पंचायत का स्थायी निवासी था। इस घटना पर श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी नारायण सिंह ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच करवाने की मांग उठाई है।
नारायण सिंह के अनुसार, मृतक अपने बेटे के रिश्ते के सिलसिले में शिलाई क्षेत्र गया हुआ था। बताया जा रहा है कि सुबह घर लौटते समय वह गोलीकांड का शिकार हो गया, जिसमें उसकी जान चली गई। इस दुखद घटना ने न केवल परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता पैदा कर दी है।उन्होंने कहा कि श्री रेणुका जी और शिलाई क्षेत्र अपनी शांतिप्रिय सामाजिक परंपराओं, आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण के लिए जाने जाते हैं। ऐसे क्षेत्रों में गोली चलने जैसी घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। किसी भी नागरिक की इस प्रकार असामयिक मृत्यु अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
भाजपा नेता ने डीएसपी तथा पुलिस अधीक्षक सिरमौर से आग्रह किया कि मामले के प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच की जाए। घटना के पीछे के कारणों का पता लगाकर जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान की जाए और उसे शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जांच में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और आम जनता का कानून-व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।इस दौरान नारायण सिंह ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना सरकार और पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सरकार को ऐसी घटनाओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द सच्चाई सामने लाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करेगा।

