अम्बाला साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी मामले में गिरोह के 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार, रिमांड के बाद नकदी व दस्तावेज बरामद कर भेजे गए जेल,

संगडाह, 29 सिंतबर। अम्बाला साइबर क्राइम थाना पुलिस ने Paytm KYC अपडेट के नाम पर 7 लाख 10 हजार रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में जिला सिरमौर के नौहराधार और राजगढ़ क्षेत्र के दो युवकों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अम्बाला पुलिस द्वारा जिले में अपराधों की रोकथाम और आपराधिक मामलों में वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना साइबर क्राइम पुलिस ने पेटीएम की केवाईसी (KYC) अपडेट करने के नाम पर लगभग 7 लाख 10 हजार रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी बरामद कर उन्हें माननीय न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
घटना का विवरण,
शिकायतकर्ता चंद्रिका प्रसाद, निवासी रंजीत नगर, अम्बाला शहर ने 19 सितम्बर 2026 को थाना साइबर क्राइम अम्बाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 अगस्त से 16 सितम्बर 2026 के बीच अज्ञात साइबर ठगों ने उन्हें फोन पर संपर्क किया। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को उनका QR Code और बैंक खाता बंद होने का डर दिखाकर तथा पेटीएम की केवाईसी अपडेट करने का झांसा देकर धोखे से 7,10,000 रुपये की साइबर ठगी की। शिकायत मिलने पर तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारियां,
थाना साइबर क्राइम पुलिस प्रभारी उप निरीक्षक संदीप कुमार, सहायक उप निरीक्षक परविन्द्र सिंह और उनकी टीम ने तकनीकी संसाधनों, कॉल डिटेल्स और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाते हुए इस गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को धर दबोचा। आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
राजेश – निवासी नौहराधार, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश।
प्रदीप – निवासी राजगढ़, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश।
बलबीर सिंह – निवासी गाँव करनपुर, थाना पिंजौर, जिला पंचकूला।
शातिर ठग है आरोपी बलबीर सिंह,
गिरफ्तार मुख्य आरोपी बलबीर सिंह एक शातिर किस्म का साइबर ठग है, जिसके खिलाफ पहले से ही जिला पंचकूला में इसी तरह की धोखाधड़ी के 4 अन्य मामले दर्ज हैं।
बरामदगी और न्यायिक प्रक्रिया,
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया था, जहाँ से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान गहन पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर निम्नलिखित सामान बरामद किया गया:
वारदात में इस्तेमाल बैंक पासबुक
एटीएम (ATM) कार्ड्स
चेक बुक्स
20,000 रुपये नगद
पुलिस रिमांड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपियों को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।
अम्बाला पुलिस की आमजन से अपील,
अम्बाला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन कॉल, मैसेज या बहकावे में आकर अपनी बैंक डिटेल, ओटीपी या केवाईसी साझा न करें।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें,
साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।
यदि आपके साथ किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होती है, तो बिना देर किए तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर -1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि को बचाया जा सके। Haryana Police

