हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, 12-13 नवंबर को पांच जिलों में बारिश-बर्फबारी और 40 किमी की रफ्तार से तेज हवाओं का येलो अलर्ट, बढ़ेगी ठंड

हिमाचल में बदला मौसम, दो दिन बारिश-बर्फबारी और तेज हवाओं का अलर्ट, ठंड बढ़ने के आसार12-13 नवंबर को पांच जिलों में येलो अलर्ट, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
हिमाचल प्रदेश में आज से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले दो दिनों तक बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 और 13 नवंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश-बर्फबारी, मेघ गर्जना, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इससे प्रदेश में तापमान गिरने और ठंड बढ़ने की संभावना है।मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि 12 और 13 नवंबर को प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, मंडी और शिमला जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 से 17 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और अन्य हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इससे खासकर पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर बढ़ सकता है।मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान -2 से 9 डिग्री, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 5 से 12 डिग्री और निचले व मैदानी इलाकों में 7 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।अधिकतम तापमान की बात करें, तो ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में 12 से 17 डिग्री, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 17 से 28 डिग्री और मैदानी इलाकों में 25 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान -1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, ऊना में सबसे अधिक 32.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। अन्य प्रमुख स्थानों की बात करें, तो शिमला में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री, सुंदरनगर में 8.6, भुंतर में 8.0, कल्पा में 3.2, धर्मशाला में 11.4, मनाली में 6.0, सोलन में 7.2, कुफरी में 8.6, केलांग में 0.6 और ताबो में 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री, नाहन में 11.8 और बिलासपुर में 10 डिग्री सेल्सियस रहा।

