HEADLINE
विधायक आशा मौर्य ने सौंपे चार-चार लाख रुपये के चेक, प्रशासन ने अन्य सरकारी सहायता की दी जानकारी
तालाब (खंती) और नहर में डूबने की घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। महमूदाबाद की विधायक आशा मौर्य ने संबंधित पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की राहत राशि के चेक सौंपे। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

महमूदाबाद, सीतापुर। राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन।
राहत राशि वितरण के दौरान पोखरा कला गांव निवासी धैर्य वर्मा पुत्र आशीष वर्मा के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। इसी क्रम में लोनिया पुरवा निवासी अरुणेश पुत्र जयबिन्द के परिवार को भी चार लाख रुपये का चेक सौंपा गया। इसके अतिरिक्त लौन गांव निवासी प्रेमचंद पुत्र सुमेरी के परिजनों को भी शासन की ओर से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

विधायक आशा मौर्य ने इस दौरान पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हादसे में किसी अपने को खोने का दुख अत्यंत पीड़ादायक होता है। सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी ने भी परिवारों को शासन द्वारा संचालित राहत एवं सहायता योजनाओं की जानकारी दी। प्रशासन की ओर से कहा गया कि पात्र परिवारों को नियमानुसार उपलब्ध अन्य सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

राहत राशि मिलने से पीड़ित परिवारों को आर्थिक स्तर पर कुछ सहारा मिला है। इस दौरान प्रशासन ने लोगों से तालाब, नहर और अन्य जलस्रोतों के आसपास सावधानी बरतने तथा बच्चों को अकेले पानी के निकट न जाने देने की अपील भी की।

