
पर्यटन नगरी धर्मकोट के अपर धर्मकोट स्थित ईडीएम हॉस्टल में प्रस्तावित रेव पार्टी पर कांगड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा, अफीम, चरस और गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से 0.95 ग्राम चिट्टा, 3.7 ग्राम अफीम, 1.33 ग्राम चरस और 1.54 ग्राम गांजा कब्जे में लिया। मामले में दो लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है, जबकि पार्टी से जुड़े 15 लोगों की चिकित्सकीय जांच करवाई गई।
पुलिस के अनुसार 13 और 14 सितंबर की दरम्यानी रात गुप्त सूचना के आधार पर करीब 50 जवानों ने हॉस्टल में दबिश दी। कार्रवाई में एएसपी कांगड़ा संजीव चौहान, डीएसपी उत्तरी क्षेत्र अनिल ठाकुर और मैक्लोडगंज थाना प्रभारी संजय कुमार मौजूद रहे।
पुलिस ने मध्य प्रदेश निवासी आमिर खान और राजस्थान निवासी राधेश रंजन पजोरिया को आरोपी बनाया है। पजोरिया हॉस्टल का पट्टाधारक बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पार्टी के प्रचार के लिए सोशल मीडिया और बंद ऑनलाइन समूहों के इस्तेमाल की बात सामने आई है। पुलिस ने स्क्रीनशॉट सहित डिजिटल साक्ष्य कब्जे में लिए हैं।
डीआईजी नॉर्थ जोन सौम्या सांबशिवन ने बताया कि पुलिस नशे के स्रोत और आयोजन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। नशे की तस्करी, सेवन और ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

