Reading: ग्रामीण विकास और जनकल्याण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता, पात्र लोगों तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ : प्रो. चंद्र कुमार

ग्रामीण विकास और जनकल्याण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता, पात्र लोगों तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ : प्रो. चंद्र कुमार

RamParkash Vats
4 Min Read

कृषि मंत्री चंद्र कुमार का मतलाहड में पंहुचने पर उपस्थित लोग पुष्प मालाएं पहनाकर स्वागत करते हुए ।

मतलाहड़ में ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित, कृषि मंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं; सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर दिया जोर

ज्वाली, 27 अक्तूबर Dr N K Sharma:हिमाचल प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास और लोगों को सड़क, बिजली, पेयजल तथा स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। सरकार इन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके। यह बात कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने ग्राम पंचायत मतलाहड़ में आयोजित ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की जीवनरेखा हैं,

जिनके बेहतर होने से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलती है। उन्होंने मतलाहड़ क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब विभिन्न ट्यूबवेलों के माध्यम से पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए बताया कि ज्वाली में छह विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि उन्हें छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूरदराज के क्षेत्रों का रुख न करना पड़े। प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना,

उनकी समस्याओं को सुनना और सरकार तथा जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी पात्रता के अनुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। साथ ही, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाई जाए और पात्र लाभार्थियों को आवेदन सहित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में एसडीएम नरेंद्र जरियाल, खंड विकास अधिकारी मनोज शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चैन सिंह गुलेरिया, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता विशाल पत्रवाल, पंचायती राज विभाग के एसडीओ अमन रिहालिया, एसडीओ अंकित चौधरी, जल शक्ति विभाग के जेई निर्मल, मतलाहड़ पंचायत के प्रधान अश्विनी चौधरी, नरगाला पंचायत के प्रधान शिव धीमान, भलदून पंचायत के प्रधान कुलदीप, बीडीसी सदस्य सचिन एवं सुमना देवी तथा पूर्व बीडीसी सदस्य सुरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण विकास, जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!