कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्र कुमार करेंगे लोकार्पण, क्षेत्र में मजबूत होगी पुलिस व्यवस्था
न्यूज इंडिया आजतक संसदीय क्षेत्र कांगड़ा -चंम्बा चीफ ब्यूरो विनय महाजन
पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत पुलिस थाना कोटला के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन बुधवार, 16 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश पुलिस की ओर से आयोजित समारोह में प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे और अपने कर-कमलों से थाना भवन का उद्घाटन करेंगे।
एडिशनल एसपी नूरपुर डीसी वर्मा ने प्रेस नोट जारी कर यह जानकारी दी। आमंत्रण पत्र के अनुसार उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी आमंत्रित किया गया है।
नए पुलिस थाना भवन के शुरू होने से कोटला क्षेत्र के लोगों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। थाना भवन की स्थापना से कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, शिकायतों के त्वरित निपटारे तथा पुलिस प्रशासन की क्षेत्र में पहुंच मजबूत होने की संभावना है। नए थाने के अधिकार क्षेत्र में करीब डेढ़ दर्जन पंचायतों के आने की बात भी सामने आ रही है, जिससे बड़ी आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
तीन हिस्सों में बंटा है ज्वाली विधानसभा क्षेत्र
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र भौगोलिक एवं प्रशासनिक दृष्टि से तीन प्रमुख क्षेत्रों—कोटला, नगरोटा सूरियां और ज्वाली—में विभाजित है। ज्वाली और कोटला में पुलिस थाने हैं, जबकि नगरोटा सूरियां क्षेत्र में पुलिस चौकी कार्यरत है। ऐसे में कोटला में नए थाना भवन का उद्घाटन क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कोटला क्षेत्र में नए पुलिस थाना भवन के उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह है। लोगों का मानना है कि स्थायी एवं बेहतर पुलिस ढांचा स्थापित होने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों के निपटारे में सुविधा होगी तथा पुलिस और जनता के बीच संपर्क और मजबूत होगा।
उपमंडल के दर्जे को लेकर भी चर्चाएं तेज
कोटला क्षेत्र में इन दिनों एक और चर्चा भी जोर पकड़ रही है। स्थानीय स्तर पर यह उम्मीद जताई जा रही है कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी, भौगोलिक स्थिति और लोगों की प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए भविष्य में कोटला को उपमंडल का दर्जा मिल सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि कोटला बेल्ट को कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के मजबूत जनाधार वाले क्षेत्रों में माना जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार कोटला क्षेत्र के विकास में चौधरी चंद्र कुमार की भूमिका लंबे समय से महत्वपूर्ण रही है। ऐसे में लोगों की निगाहें अब 16 सितंबर को होने वाले थाना भवन के उद्घाटन समारोह पर टिकी हैं और क्षेत्रवासी भविष्य में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद लगाए हुए हैं।

