धर्मशाला में जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा की संगठनात्मक बैठक आयोजित, रजनी पाटिल, विनय कुमार और विदित चौधरी का भव्य स्वागत, संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति पर हुआ व्यापक मंथन।

धर्मशाला: जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा की ओर से धर्मशाला में संगठनात्मक बैठक एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती रजनी पाटिल, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार तथा प्रदेश कांग्रेस सह-प्रभारी विदित चौधरी के जिला कांगड़ा आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

स्वागत समारोह के उपरांत आयोजित संगठनात्मक बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्रियों, विधायकों, जिला कांगड़ा के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, प्रमुख पदाधिकारियों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति, पार्टी की गतिविधियों और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान जिला कांगड़ा में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पार्टी की नीतियों एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया

नेताओं ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। ऐसे में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना, आम जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना और जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना आवश्यक है।
बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीतियों और पार्टी के प्रस्तावित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर भी चर्चा हुई। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आपसी एकजुटता और समन्वय के साथ कांग्रेस पार्टी के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

राजनीतिक दृष्टि से जिला कांगड़ा में आयोजित यह बैठक कांग्रेस संगठन के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कांगड़ा जिला प्रदेश की राजनीति में अहम स्थान रखता है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व की इस बैठक को संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

