सिरमौर/नौहराधार:राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भराड़ी में आयोजित अंडर-14 छात्र वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया

प्रतियोगिता में राजकीय विद्यालय देवामानल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑलराउंड बेस्ट स्कूल का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। देवामानल की टीम ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
देवामानल ने वॉलीबॉल, खो-खो और चेस प्रतियोगिताओं में विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि बैडमिंटन प्रतियोगिता में उपविजेता रहकर शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
वहीं, कबड्डी प्रतियोगिता में भवाई की टीम विजेता बनी, जबकि पुनरधार की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
समापन समारोह में चूड़ेश्वर सेवा समिति इकाई नौहराधार के अध्यक्ष श्री जोगेन्दर चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि राजकीय विद्यालय देवना थनगा के मुख्याध्यापक श्री देवराज विशेष अतिथि रहे। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा मुख्य अतिथि को हिमाचली शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि श्री जोगेन्दर चौहान ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों के साथ-साथ अनुशासन, मेहनत और खेल भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में ब्लॉक नौहराधार के प्रभारी रणवीर, सह-प्रभारी शशिपाल, सहित सभी खेल शिक्षकों एवं आयोजन समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर देवामानल विद्यालय के पीटीआई जियालाल एवं डीपी महिपाल पुंडीर ने बताया कि देवामानल विद्यालय के बच्चों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेकर विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
देवामानल विद्यालय की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। सभी ने विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

