Reading: 7.5 ग्राम चिट्टे के साथ कार सवार दो युवक गिरफ्तार, बालुगंज पुलिस ने दबोचा

7.5 ग्राम चिट्टे के साथ कार सवार दो युवक गिरफ्तार, बालुगंज पुलिस ने दबोचा

RamParkash Vats
2 Min Read

शिमला। नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल सेल शिमला की टीम ने कार सवार दो युवकों को करीब 7.5 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल शिमला की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान एमएलए क्रॉसिंग के समीप पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि दो युवक आपसी मिलीभगत से शिमला के सांगटी क्षेत्र में चिट्टे की तस्करी कर रहे हैं। सूचना थी कि दोनों बाहरी राज्य से नशीले पदार्थ की खेप लेकर सांगटी की ओर आ रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बालुगंज चौक से सांगटी रोड पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान सह चालक सीट के मैट के नीचे छिपाकर रखे पारदर्शी पॉलीथीन लिफाफे से करीब 7.5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए शिवराजन धीमान उर्फ शिबू निवासी समरहिल, शिमला तथा गुलशन कुमार उर्फ गोलू निवासी घुमारवीं, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुलिस थाना बालुगंज में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत अभियोग दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे शिमला में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में आरोपियों के संपर्कों और नशे की सप्लाई चेन को लेकर भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शिमला में नशे की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!