Reading: नौहराधार में कांग्रेस को मजबूती, 30 परिवारों के युवाओं ने थामा पार्टी का दामन, विधायक विनय कुमार ने कांग्रेस में शामिल हुए युवाओं का किया स्वागत, खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता टीमों को भी किया सम्मानित

नौहराधार में कांग्रेस को मजबूती, 30 परिवारों के युवाओं ने थामा पार्टी का दामन, विधायक विनय कुमार ने कांग्रेस में शामिल हुए युवाओं का किया स्वागत, खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता टीमों को भी किया सम्मानित

RamParkash Vats
3 Min Read

कपिल शर्मा / सिरमौर:श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के नौहराधार में कांग्रेस पार्टी को उस समय मजबूती मिली, जब क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से जुड़े करीब 30 परिवारों के युवाओं ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस अवसर पर विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने कांग्रेस में शामिल हुए युवाओं का माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

विनय कुमार ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है। युवाओं की ऊर्जा, सहयोग और सकारात्मक सोच से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज को प्राथमिकता देती है तथा जनसेवा, आपसी भाईचारे, समान अवसर और क्षेत्र के समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य करती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार में शामिल होने वाले सभी साथियों को संगठन में उचित सम्मान दिया जाएगा। पार्टी सभी को साथ लेकर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता टीमों को किया सम्मानित

नौहराधार में मंगलवार को विधायक विनय कुमार ने एडवोकेट यशपाल चौहान की स्मृति में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में शिरकत की तथा विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में करीब 30 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में महिलाओं, पुरुषों और छोटे बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। इस वार्षिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और खेलों के प्रति जागरूकता पैदा करना है।

आयोजकों के अनुसार, ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा कर अपने खेल कौशल को निखारने का अवसर मिलता है। एडवोकेट यशपाल चौहान की स्मृति में आयोजित यह टूर्नामेंट क्षेत्र में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस मौके पर आयोजनकर्ता विवेक चौहान, विनीत वर्मा, व्यवसायी रविंद्र चौहान, तपेंद्र चौहान, संजय चौहान, अजय रानू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!