न्यूज इंडिया आजतक,संसदीय क्षेत्र कांगड़ा -चंम्बा चीफ ब्यूरो विनय महाजन

राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर, कांगड़ा में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य पर हिंदी पखवाड़े का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व, स्वरूप और वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।डॉ.
अनिल कुमार ठाकुर ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हिंदी को बढ़ावा देने की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से करनी चाहिए। जब हम स्वयं हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करेंगे तो समाज के अन्य लोग भी इससे प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि हिंदी समाज को एकता के सूत्र में बांधने वाली सशक्त भाषा है और इसके संरक्षण व संवर्धन के लिए युवा पीढ़ी की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान काव्य पाठ प्रतियोगिता, सांस्कृतिक गायन और सांस्कृतिक नृत्य सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें महाविद्यालय के करीब 250 से 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि और भावनाओं को प्रदर्शित किया।
महाविद्यालय के प्रोफेसर मनजीत सिंह ने भी विद्यार्थियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हिंदी के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया। वहीं डॉ. दिलजीत सिंह ने हिंदी के राजनीतिक एवं वैज्ञानिक स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को हिंदी की व्यापक संभावनाओं से अवगत करवाया।

हिंदी विभाग के प्रवक्ता डॉ. अनिल कुमार ने हिंदी के स्वरूप पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि जीवन शैली भी है। हिंदी और भारतीय संस्कृति से जुड़ाव व्यक्ति के जीवन में मर्यादा, संस्कार, आदर्श और परंपराओं को मजबूत करता है।कार्यक्रम के
अंत में डॉ. अनिल कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर डॉ. अंजना गौतम, डॉ. राकेश कुमार, प्रो. सुरजीत सिंह, प्रो. सुरजीत कुमार, प्रो. रीमा, प्रो. अलका, प्रो. शशि वाला, प्रो. सुरेश कुमार, प्रो. मधु सहित अन्य प्राध्यापक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।

