Reading: कोटला में राज्य स्तरीय ‘युवा नेतृत्व शिविर’ का समापन, कृषि मंत्री ने स्वयंसेवकों को किया प्रेरित

कोटला में राज्य स्तरीय ‘युवा नेतृत्व शिविर’ का समापन, कृषि मंत्री ने स्वयंसेवकों को किया प्रेरित

RamParkash Vats
3 Min Read


नूरपुर प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने आज राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटला में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के पांच दिवसीय राज्य स्तरीय यूथ लीडरशिप कैंप के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। 22 से 26 अक्तूबर तक आयोजित इस शिविर में जिला कांगड़ा के 193 विद्यालयों के 389 स्वयंसेवकों ने भाग लिया

।इस अवसर पर प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं और देश का भविष्य युवाओं की सोच, क्षमता तथा कार्यशैली पर निर्भर करता है। एनएसएस जैसे शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और समाज सेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

कृषि मंत्री ने कहा कि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के कार्यों में आगे आएं। उन्होंने स्वयंसेवकों से शिविर के दौरान प्राप्त अनुभवों और सीख को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए योगदान देने का आह्वान किया।इस अवसर पर कृषि मंत्री ने प्री-रिपब्लिक डे परेड के लिए चयनित 58 एनएसएस स्वयंसेवकों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धि की सराहना की।

समारोह के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कृषि मंत्री ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।प्रो. चन्द्र कुमार ने विद्यालय में शौचालय निर्माण के लिए 2.10 लाख रुपये उपलब्ध करवाने का उल्लेख करते हुए स्कूल प्रबंधन को निर्माण कार्य उचित गुणवत्ता के साथ पूरा करवाने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि मंदिर के लिए विद्यालय के खेल मैदान के बाहर से रास्ता बनाने के लिए पहले 15 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन इस राशि का उचित सदुपयोग नहीं हो पाया। इस पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को रास्ते के निर्माण के लिए पुनः एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए,

ताकि आवश्यक प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।इस अवसर पर शिविर संचालन पर्यवेक्षक राजीव धीमान, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य करतार चंद, भाली पंचायत के प्रधान अमन राणा, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अखिल राणा, जितेंद्र राणा, एनएसएस अधिकारी, स्वयंसेवक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!