विधायक मलेंद्र राजन ने किया अंडर-19 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
न्यूज इंडिया आजतक, संसदीय क्षेत्र कांगड़ा -चंम्बा चीफ ब्यूरो विनय महाजन
नूरपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डाह-कुल्हाड़ा में शिक्षा खंड इंदौरा की अंडर-19 छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक मलेंद्र राजन ने किया। प्रतियोगिता में 28 विद्यालयों की करीब 280 छात्राएं विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग ले रही हैं। शुभारंभ अवसर पर छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

विधायक मलेंद्र राजन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्राओं से पूरी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे किसी से डरें नहीं और अपनी बात पूरे आत्मविश्वास के साथ रखें।उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं, जो भविष्य में सफलता की मजबूत नींव बनते हैं।

शिक्षा सुविधाओं को लेकर विधायक ने गिनाईं उपलब्धियां
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए तीन सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा, गंगथ और ठाकुरद्वारा शामिल हैं।उन्होंने बताया कि डाह-कुल्हाड़ा स्कूल में शौचालय निर्माण के लिए चार लाख रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं, जबकि चालू वित्त वर्ष में विद्यालय के नए भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विद्यालय की अन्य मांगों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया।विधायक ने कहा कि प्रधानाचार्य ने विद्यालय में रिक्त पदों की सूची उपलब्ध करवाई है और इन्हें शीघ्र भरने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

स्थानीय प्रतिभा को प्रोत्साहन देने पर जोर
विधायक मलेंद्र राजन ने डाह-कुल्हाड़ा की क्लासिकल गायिका सुनंधा शर्मा की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलना जरूरी है।उन्होंने नशे के खिलाफ प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा।प्रतियोगिता के आयोजन के लिए विधायक ने अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। वहीं डाह-कुल्हाड़ा विद्यालय के अंडर-14 खेलों में विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए 11 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।

एसपी इल्मा अफरोज ने किया छात्राओं का उत्साहवर्धन
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नूरपुर इल्मा अफरोज ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनानी चाहिए।उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। समाज के सभी वर्गों के सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।

