
सिरमौर / नोहरा धारराजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुनरधार में चल रही ब्लॉक नोहराधार की अंडर-19 छात्राओं की चार दिवसीय खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में खो-खो का फाइनल मुकाबला राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवामानल और हाई स्कूल देवनाथनगा की टीमों के बीच खेला गया। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में देवामानल की छात्राओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए देवनाथनगा की टीम को हराकर खो-खो का खिताब अपने नाम किया
फाइनल मुकाबले के दौरान दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की फुर्ती, तेज रफ्तार, बेहतर रणनीति और शानदार टीम वर्क ने मुकाबले को काफी रोमांचक बना दिया। दोनों ओर से खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी, लेकिन देवामानल की टीम ने बेहतर तालमेल और रणनीति के दम पर मुकाबले में बढ़त बनाए रखी और अंत में जीत दर्ज की।
देवामानल की छात्राओं ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। फाइनल में जीत हासिल करने के बाद टीम की खिलाड़ियों और विद्यालय के प्रतिनिधियों में खुशी का माहौल रहा। विद्यालय परिवार ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डीपी महिपाल पुंडीर और पीटीआई जियालाल ने दोनों टीमों की खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने पूरे मुकाबले में अनुशासन, खेल भावना और टीम भावना का परिचय दिया। उन्होंने विजेता टीम देवामानल की छात्राओं को जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि बेटियों को उचित मंच और बेहतर अवसर मिलें तो वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकती हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों के साथ-साथ पढ़ाई में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालयों के शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों ने भी छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। खो-खो के फाइनल मुकाबले में जीत के बाद देवामानल की टीम ने अपनी मेहनत का शानदार परिणाम हासिल किया।

