Reading: शिक्षा और खेलों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता : रोहित ठाकुर

शिक्षा और खेलों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता : रोहित ठाकुर

RamParkash Vats
3 Min Read

कुपवी में 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, सोलन जिला बना ऑल राउंड बेस्ट

कुपवी (शिमला) / कपिल शर्मा:शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुपवी में आयोजित 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों और सात खेल छात्रावासों के 655 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, कुराश और ठोडा खेलों के मुकाबले आयोजित किए गए।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने बताया कि खेल उपलब्धियों के आधार पर तीन प्रतिशत कोटे के तहत अब तक 300 से अधिक खिलाड़ियों को रोजगार दिया जा चुका है। खिलाड़ियों की डाइट मनी में भी बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कुपवी और नेरवा में खेल छात्रावास स्थापित करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही।

शिक्षा विभाग में भरेंगे 6 हजार पद

रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में लगभग 9,000 पद भरे जा चुके हैं, जबकि 6,000 अन्य पद भरने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में प्रदेश के 147 सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध करने की पहल की गई है, जिसमें कुपवी विद्यालय भी शामिल है।उन्होंने कहा कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा संबंधी विभिन्न कार्यों के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कुपवी विद्यालय में 10 अध्यापकों के पद भरे जा चुके हैं तथा अन्य रिक्त पदों को भी प्राथमिकता के आधार पर भरने के प्रयास किए जाएंगे। विद्यालय के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

सोलन ने जीता ऑल राउंड बेस्ट का खिताब

प्रतियोगिता में सोलन जिला ऑल राउंड बेस्ट रहा। कबड्डी में सोलन ने प्रथम और ऊना ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वॉलीबॉल में शिमला प्रथम और मंडी द्वितीय रहे, जबकि संधोल खेल छात्रावास स्टेट विनर रहा। खो-खो में हमीरपुर प्रथम और मंडी द्वितीय स्थान पर रहे। कुराश में सोलन प्रथम और हमीरपुर द्वितीय रहे। ठोडा खेल में शिमला ने प्रथम तथा सिरमौर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शिक्षा मंत्री ने छात्राओं की प्रस्तुति से प्रभावित होकर 15 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय की वार्षिक पत्रिका का विमोचन भी किया।इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक शिक्षा योगेश चौहान, उपनिदेशक शिक्षा लेखराज भारद्वाज, एसडीएम कुपवी, डीएसपी कुपवी सहित यशपाल तनाइक, हरि सिंह पचनाइक, दिनेश चौहान, सबला राम, पी.आर. जमालटा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!