
महिला कामगारों के अधिकारों की आवाज उठाना और संगठन को मजबूत करना रहेगी प्राथमिकता

नौराधार, सिरमौर जिला के नौराधार क्षेत्र की लक्ष्मी चौहान को इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC) महिला कांग्रेस हिमाचल प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संगठन की राष्ट्रीय चेयरपर्सन भवानी त्रिवेदी ने 31 अगस्त को नियुक्ति पत्र जारी कर उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद लक्ष्मी चौहान ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं रेणुका जी के विधायक विनय कुमार, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा INTUC के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी।

लक्ष्मी चौहान ने कहा कि महिला कामगारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन के साथ जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी। प्रदेश के ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में महिला श्रमिकों तक संगठन की पहुंच मजबूत करने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नौराधार जैसे ग्रामीण क्षेत्र की महिला को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अपनी नियुक्ति पर सभी समर्थकों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का भी आभार जताया।

