
सिरमौर/ कपिल शर्मा:राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनियो दीदग, जिला सिरमौर की कॉम्प्लेक्स पाठशाला राजकीय माध्यमिक विद्यालय कुड़िया कड़ंग की आठवीं कक्षा की प्रतिभाशाली छात्रा एवं उभरती हुई वॉलीबॉल खिलाड़ी साक्षी, पुत्री श्री रवि पाल, का अंडर-14 बालिका वर्ग की राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। साक्षी नवंबर 2026 में महाराष्ट्र के अहिल्यानगर स्थित शिरडी में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से दोनों विद्यालयों सहित समस्त क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय कुड़िया कड़ंग में प्रारंभिक मार्गदर्शन प्राप्त करने के बाद साक्षी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनियो दीदग में वॉलीबॉल का प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने ब्लॉक स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनियो दीदग की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
साक्षी की खेल प्रतिभा को निखारने में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनियो दीदग के शारीरिक शिक्षा शिक्षक श्री रवि प्रकाश, PET, तथा श्री ओम प्रकाश, DPE, का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। दोनों प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और तकनीकी प्रशिक्षण से साक्षी को अपनी खेल क्षमता विकसित करने तथा उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने में सहायता मिली।
वहीं, राजकीय माध्यमिक विद्यालय कुड़िया कड़ंग में प्राप्त प्रारंभिक प्रोत्साहन और मार्गदर्शन ने उनकी खेल यात्रा को मजबूत आधार प्रदान किया। छात्रा की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनियो दीदग के प्रधानाचार्य श्री श्याम सिंह तोमर ने साक्षी के राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। साक्षी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर यह सिद्ध किया है कि ग्रामीण परिवेश की बेटियाँ भी खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर सकती हैं।
प्रधानाचार्य ने साक्षी के अभिभावकों, प्रारंभिक मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों तथा दोनों विद्यालयों के खेल प्रशिक्षकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि साक्षी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
साक्षी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनियो दीदग तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालय कुड़िया कड़ंग की विद्यालय प्रबंधन समितियों (SMC) और दोनों विद्यालयों के समस्त शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय कुड़िया कड़ंग के प्रभारी श्री संजीव जी टीजीटी आर्ट्स तथा श्री राजेश डीएम सहित दोनों विद्यालयों के विद्यालय परिवार ने साक्षी को हार्दिक बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्री रवि प्रकाश पीईटी ने बताया कि साक्षी एक प्रतिभाशाली और असीम संभावनाओं वाली उभरती हुई खिलाड़ी हैं। उनकी अब तक की उपलब्धियाँ उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की संभावनाओं को दर्शाती हैं। यदि उन्हें निरंतर उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएँ और उचित प्रोत्साहन मिलता रहा, तो वे भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा सकती हैं।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनियो दीदग एवं राजकीय माध्यमिक विद्यालय कुड़िया कड़ंग का समस्त विद्यालय परिवार साक्षी को राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ देता है।
वहीं ग्राम पंचायत दीदग के प्रधान श्री वेद प्रकाश ठाकुर जी ने बेटी को बधाई देते हुए कहा कि साक्षी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से हिमाचल प्रदेश का मान बढ़ाएँगी और अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा की मिसाल बनेंगी।

