संसदीय क्षेत्र कांगड़ा-चंबा | चीफ ब्यूरो — विनय महाजन | दिनांक: 29 अगस्त 2026
नूरपुर के भाजपा विधायक रणवीर सिंह निक्का इन दिनों दिल्ली प्रवास पर हैं। दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इसी क्रम में उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से शिष्टाचार भेंट कर नूरपुर विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेश से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में नूरपुर का बहुचर्चित मातृ-शिशु अस्पताल प्रमुख मुद्दा रहा।
विधायक रणवीर सिंह निक्का ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष आरोप लगाया कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व भाजपा सरकार के कार्यों को राजनीतिक भेदभाव के कारण प्राथमिकता नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि चार वर्ष का समय बीतने के बाद अब सत्ताधारी पक्ष के नेता अधिकारियों की टीमों के साथ क्षेत्र में सड़क, पेयजल, विद्युत और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। निक्का ने दावा किया कि नूरपुर की जनता स्वयं विकास कार्यों की स्थिति और समस्याओं का आकलन कर रही है।
बैठक में विधायक ने विशेष रूप से मातृ-शिशु अस्पताल नूरपुर को गैर-राजनीतिक दृष्टिकोण से जल्द शुरू करवाने का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से कहा कि अस्पताल को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए वे स्वयं नूरपुर का दौरा करें और जनता को बताएं कि इसके निर्माण में केंद्र सरकार की कितनी धनराशि लगी है तथा अस्पताल को शुरू करने में क्या अड़चनें हैं। निक्का ने यह भी आग्रह किया कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व सरकार के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं।
विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस अस्पताल का उद्घाटन किया था, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल आज तक पूरी तरह शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने इसे क्षेत्र की जनता से जुड़ा महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मुद्दा बताते हुए केंद्रीय मंत्री से हस्तक्षेप की मांग की। मुलाकात के दौरान क्षेत्र और प्रदेश से जुड़े अन्य विकास कार्यों तथा जनहित के विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। निक्का के अनुसार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने उनकी बात को गंभीरता से सुना और नूरपुर विधानसभा क्षेत्र का जल्द दौरा करने का आश्वासन दिया।

