Reading: नूरपुर पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा 9 माह में 175 आरोपी गिरफ्तार

नूरपुर पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा 9 माह में 175 आरोपी गिरफ्तार

RamParkash Vats
3 Min Read

103 एन डी पी एस मामले दर्ज जिनमे 29.95 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने को मंजूरी 210 शिक्षण संस्थानों में 15,234 विद्यार्थियों को किया जागरूक


पुलिस जिला नूरपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज करने के साथ जागरूकता अभियान भी चलाया है। जनवरी से सितंबर 2026 तक नौ माह के दौरान एन डी पी एस एक्ट के तहत अब तक 103 मामले दर्ज कर 175 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, नशा तस्करी से जुड़े मामलों में करोड़ों रुपये की संपत्तियों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने इस अवधि में हेरोइन, चरस, चूरा-पोस्त और अफीम सहित विभिन्न मादक पदार्थों के साथ 1.44 लाख रुपये नकद भी जब्त किए हैं।इस मामले मे पुलिस जिला नूरपुर के एएसपी धर्म चंद वर्मा के अनुसारविभिन्न दर्ज मामलों में हेरोइन के 71, चरस के 29, चूरा-पोस्त के दो और अफीम का एक मामला शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में 160 पुरुष और 15 महिलाएं हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 2 किलो 262 ग्राम हेरोइन, 19 किलो 285 ग्राम चरस, 4 किलो 172 ग्राम चूरा-पोस्त और 428 ग्राम अफीम बरामद की। इसके अतिरिक्त एक लाख 44 हजार रुपये नकद जब्त किए गए।
नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने 17 मामलों में कुल 29 करोड़ 95 लाख 92 हजार 857 रुपये की संपत्ति को लेकर सक्षम प्राधिकारी से मंजूरी प्राप्त की है। इसके अलावा 2 करोड़ 20 लाख 8 हजार 358 रुपये की संपत्ति की जब्ती और फ्रीजिंग की प्रक्रिया लंबित है।पी एल टी एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजे गए 38 मामलों में से 23 की पुष्टि हो चुकी है, जबकि सात मामले लंबित बताए गए हैं।पुलिस नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ युवाओं को जागरूक करने पर भी जोर दे रही है। जनवरी से सितंबर 2026 तक जिले के 210 शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 15,234 विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही समाज की भागीदारी बढ़ाने के लिए नशा निवारण समितियों का गठन भी किया गया है।एएसपी धर्म चंद वर्मा के अनुसार, नशे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के तहत न्यायालयों में 24 मामलों में आरोपियों को सजा सुनाई जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही अभिभावकों, शिक्षकों और आम लोगों से युवाओं को नशे से दूर रखने तथा नशे से संबंधित जानकारी पुलिस के साथ साझा करने की अपील की गई है।पुलिस का उद्देश्य नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के साथ युवाओं को नशे के दुष्चक्र से बचाना है। इसके लिए कार्रवाई, संपत्ति जब्ती और जन-जागरूकता अभियान को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!