
नौहराधार खंड की खंड स्तरीय अंडर-19 लड़कों की खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवामानल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खो-खो का खिताब अपने नाम किया, जबकि वॉलीबॉल में उपविजेता रहकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
खो-खो के फाइनल मुकाबले में देवामानल और लाना चेता की टीमें आमने-सामने रहीं। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें देवामानल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और ट्रॉफी अपने नाम की।
वहीं, वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले में देवामानल और नौहराधार के बीच कांटे की टक्कर हुई। रोमांचक मुकाबले में नौहराधार की टीम विजेता रही, जबकि देवामानल को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा।
खंड खेल प्रभारी वीरेंद्र सिंह एवं सह प्रभारी मधु पुंडीर ने बताया कि वॉलीबॉल में नौहराधार प्रथम और देवामानल द्वितीय, कबड्डी में पीवाईपी विद्यालय चाढ़ना प्रथम और पुनरधार द्वितीय, बैडमिंटन में बौगधार प्रथम और नौहराधार द्वितीय तथा योग में नौहराधार प्रथम और चौरास द्वितीय स्थान पर रहे।
देवामानल विद्यालय के पीटीआई डीपी महिपाल एवं जियालाल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय के बच्चों ने प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और खो-खो में विजेता तथा वॉलीबॉल में उपविजेता बनकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय प्रभारी ने इस उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के सभी अध्यापक-अध्यापिकाओं ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का ही परिणाम है कि देवामानल विद्यालय ने खंड स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।

