निधन के करीब 10 मिनट बाद ही उनकी धर्मपत्नी हरदेवी चौहान (68) ने भी प्राण त्याग दिए।

श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व जनसंघ के सलाहकार मंगाराम चौहान (85) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन के करीब 10 मिनट बाद ही उनकी धर्मपत्नी हरदेवी चौहान (68) ने भी प्राण त्याग दिए। पति-पत्नी के एक साथ निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह की ग्राम पंचायत संगड़ाह के गांव लगनू निवासी मंगाराम चौहान काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बीती रात करीब 7 बजे उनका निधन हुआ और लगभग 10 मिनट बाद उनकी धर्मपत्नी हरदेवी चौहान ने भी अंतिम सांस ली। दोनों के पार्थिव शरीर गिरी नदी के समीप पंचतत्व में विलीन किए गए।

मंगाराम चौहान बचपन से ही सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहे। राजनीति में उनकी शुरुआत जनसंघ से हुई थी। हिमाचल निर्माता एवं प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. वाई.एस. परमार के प्रतिद्वंद्वी ठाकुर नारायण सिंह चौहान जब जनसंघ से चुनाव लड़े थे, उस समय मंगाराम चौहान को पार्टी का मुख्य सलाहकार बनाया गया था। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री शांता कुमार और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री राधा रमन शास्त्री के करीबी माने जाते थे।
उनके निधन पर ग्राम पंचायत प्रधान तपेंद्र सिंह राणा, प्रधान ओमप्रकाश चौहान, पूर्व विधायक रूप सिंह, पूर्व विधायक हिरदाराम, पूर्व भाजपा प्रत्याशी मोहनलाल आजाद, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्य समिति सदस्य प्रताप सिंह तोमर, पूर्व भाजपा अध्यक्ष बहादुर सिंह चौहान, भाजपा के वरिष्ठ नेता कौशल ठाकुर, रणजीत सिंह चौहान, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सुनील शर्मा, भीम सिंह कंठ, सुरेंद्र चौहान, लंबरदार मोहनलाल चौहान सहित समस्त क्षेत्रवासियों ने शोक व्यक्त कर दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

