Reading: नवरात्रों में माँ भगायणी हरिपुरधार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सुबह से दर्शनों के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु

नवरात्रों में माँ भगायणी हरिपुरधार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सुबह से दर्शनों के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु

RamParkash Vats
3 Min Read

माँ भगायणी मंदिर हरिपुरधार में नवरात्रों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, माता के जयकारों से गूंजा दरबार

हरिपुरधार (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ भगायणी मंदिर हरिपुरधार में नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु माता के दर्शन करने और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज रहा है।माँ भगायणी मंदिर में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।

नवरात्रों के पावन अवसर पर माता के दरबार में भक्तों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। श्रद्धालु माता के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।मंदिर के पुजारी हरिंदर शर्मा ने बताया कि माँ भगायणी के दरबार में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचते हैं। नवरात्रों के दौरान माता के दर्शन करने का विशेष महत्व है और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी भक्त यहां पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकें और धार्मिक स्थल की पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करें।

मंदिर पहुंचे श्रद्धालु रिकू पुंडीर ने कहा कि माँ भगायणी के दरबार में आकर मन को शांति और सुकून मिलता है। नवरात्रों में माता के दर्शन करने से विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु यहां माता का आशीर्वाद लेकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। साथ ही उन्होंने सभी भक्तों से मंदिर की पवित्रता और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।

पुलिस प्रशासन मुस्तैद: नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी व्यवस्था बनाए रखने में जुटा हुआ है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि दर्शन करने आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।माँ भगायणी मंदिर हरिपुरधार सिरमौर जिले के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और पड़ोसी राज्यों के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्रों के दौरान यहां उमड़ रही भीड़ धार्मिक उत्साह और माता के प्रति अटूट विश्वास को दर्शाती है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!