SANKETIC PHOTO
सरकार और बोर्ड प्रबंधन से सकारात्मक वार्ता की मांग, समाधान न होने पर विधानसभा घेराव की चेतावनी
NEWS INDIA AAJ TAK संसदीय क्षेत्र कांगड़ा-चंबा | चीफ ब्यूरो — विनय महाजन |
नूरपुर:हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन के गंगथ सब-यूनिट का चुनाव बाबा क्यालु जी महाराज के प्रांगण में जोनल सचिव नूरपुर श्री रवि सिंह की अध्यक्षता में सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। बैठक में कर्मचारी यूनियन के उप महासचिव अश्विनी ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अमनदीप को प्रधान, विनय कुमार और रजत सिंह को वरिष्ठ उपप्रधान, रविन्द्र कुमार और तामल सिंह को उपप्रधान, भजन सिंह को सचिव, अमित कुमार को कोषाध्यक्ष, अजय कुमार को मुख्य सलाहकार, महेश कुमार को ऑडिटर तथा रोहित और शुभम को प्रेस सचिव मनोनीत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए उप महासचिव अश्विनी ठाकुर ने कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सरकार और विद्युत बोर्ड प्रबंधन से सकारात्मक पहल करने की अपील की। उन्होंने कर्मचारियों से 2 सितंबर 2026 को पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य मांगों को लेकर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जब आंधी-तूफान आता है तो आमतौर पर लोग अपने घरों की ओर भागते हैं, लेकिन विद्युत कर्मचारी उपभोक्ताओं के घरों में रोशनी बनाए रखने के लिए विद्युत लाइनों की ओर निकल पड़ते हैं। ऐसे में उनके हितों और समस्याओं की अनदेखी उचित नहीं है।
अश्विनी ठाकुर ने कहा कि कर्मचारी यूनियन ने 5 अगस्त 2026 को सरकार को 21 दिन का नोटिस दिया था, जिसकी अवधि 26 अगस्त को समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद यूनियन अभी भी टकराव के बजाय वार्ता के माध्यम से मांगों का समाधान चाहती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार और बोर्ड प्रबंधन ने कर्मचारी हित में शीघ्र कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो यूनियन मजबूरन विधानसभा घेराव सहित आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए विवश होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति पैदा होने पर आंदोलन की जिम्मेदारी सरकार और बोर्ड प्रबंधन की होगी, क्योंकि कर्मचारियों की मांगों का समाधान वार्ता की मेज पर किया जा सकता है।
यूनियन ने सरकार से आग्रह किया कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार कर समय रहते समाधान निकाला जाए, ताकि प्रदेश की विद्युत व्यवस्था प्रभावित न हो और कर्मचारी भी सम्मानजनक माहौल में अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

