
नूरपुर से विनय महाजन नूरपुर पी एम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए उपभोक्ताओं को जागरूक करने हेतु विद्युत मंडल नूरपुर अब धरातल पर काम करेगा l इस मामले मे एक ही स्थान पर बैंकों से सोलर लोन की जानकारी भी दी जायेगी l विद्युत मंडल नूरपुर द्वारा विश्राम गृह जसूर में तीन दिवसीय 13 से 15 अक्टूबर तक घरेलू उपभोक्ताओं के लिए इस मामले मे ‘सेवा सेतु’ जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड का विद्युत मंडल नूरपुर यह शिविर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उपभोक्ताओं के लिए तकनीकी व वित्तीय जानकारी भी इस शिविर में देगा।यह शिविर प्रतिदिन सुबह 11 से शाम 4 बजे तक चलेगा।इस मामले मे अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता विकास ठाकुर ने बताया कि शिविर में योजना के लिए मौके पर ही पंजीकरण करवाने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे जहां विभागीय तकनीकी सहायक राष्ट्रीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने में मदद करेंगे।
सरकार द्वारा सूचीबद्ध सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने वाली कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। उपभोक्ता अपनी छत की क्षमता के अनुसार संयंत्र की क्षमता, लागत, उपकरणों की वारंटी और नेट मीटरिंग की जानकारी ले सकेंगे।शिविर में भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक सहित प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधि सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए ऋण और पात्रता संबंधी जानकारी देंगे।योजना परामर्श डेस्क पर केंद्रीय अनुदान, पात्रता के नियमों और नेट मीटरिंग के लाभ भी समझाए जाएंगे।
विकास ठाकुर ने नूरपुर शहर और आसपास के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से शिविर में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पंजीकरण और अन्य औपचारिकताओं में सुविधा के लिए उपभोक्ता अपना नवीनतम बिजली बिल और आधार कार्ड साथ लाएं।योजना के तहत घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर बिजली बिल में बचत की जा सकती है। अतिरिक्त बिजली निर्धारित नियमों के अनुसार विद्युत ग्रिड में भेजने की सुविधा भी मिल सकती है।

