
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रगान के कथित अपमान को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर पलटवार किया है। विपक्ष की ओर से विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने गलती कर दी है और अब अपनी गलती सुधारने के लिए तरह-तरह की बातें कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि भाजपा ने राष्ट्रगान का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान तो सभी ने गाया, लेकिन राष्ट्रगान के बाद उस पर अंगुली उठाना ही अपमान है। उन्होंने राष्ट्रगीत को लेकर भी सदन की परंपराओं का ध्यान रखने की बात कही।
सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश
CM सुक्खू ने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी सदन की परंपराओं का ध्यान नहीं रखेगी तो भाजपा खुद को इस तरह के मुद्दों में उलझा हुआ पाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब दिया जाएगा और जनता की अदालत में भी इस मुद्दे को रखा जाएगा।
इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति कल्याण बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अगले शैक्षणिक सत्र से स्कूलों के दाखिला फॉर्म में जाति का कॉलम हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल में प्रवेश के समय ही यदि जाति के आधार पर बच्चों की पहचान दर्ज की जाएगी, तो इससे उनके मन में हीन भावना पैदा हो सकती है। इसी सोच के तहत प्रवेश फॉर्म और कॉलेज के प्रोस्पेक्टस से जाति सूचक कॉलम हटाने का फैसला लिया गया है। हालांकि, सरकारी योजना या आरक्षित लाभ लेने के लिए संबंधित जानकारी देनी होगी। सामान्य प्रवेश प्रक्रिया में जाति पूछने वाला कॉलम नहीं रखा जाएगा।
सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में अब नई आउटसोर्स भर्ती नहीं की जाएगी। पहले से आउटसोर्स के माध्यम से नियुक्त कर्मचारियों को फिलहाल काम करते रहने दिया जाएगा। आउटसोर्स के माध्यम से काम कर रहे स्टाफ नर्सों में से जो कर्मचारी नौकरी छोड़कर जा चुके हैं, उनकी जगह भी नई आउटसोर्स भर्ती नहीं होगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में नियमित और योजना आधारित भर्तियों को प्राथमिकता दी जाएगी। योजना आधारित भर्तियां संबंधित योजनाओं के माध्यम से की जाएंगी और भविष्य में इन कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया में भी दिक्कत नहीं आएगी। सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 30 सितंबर तक भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की समयसीमा तय की है। भर्ती प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। अंग्रेजी, गणित, जूलॉजी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और यूजी शिक्षकों के परिणाम जारी हो चुके हैं। संगीत शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि साक्षात्कार के बाद चयनित शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन शिक्षकों ने साक्षात्कार दिए हैं, उनके परिणाम और नियुक्ति की प्रक्रिया में भी तेजी लाई जाएगी।

