शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विधानसभा के मानसून सत्र में कहा कि प्रदेश के 147 सीबीएसई स्कूलों में 30 सितंबर तक सभी शिक्षकों की नियुक्ति पूरी कर दी जाएगी। सरकार ने इन स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने के लिए 80 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। आने वाले समय में 100 और सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों की नियुक्ति के लिए स्पष्ट योग्यता मानक तय किए गए हैं और चयन में मेरिट को प्राथमिकता दी गई है। वर्तमान में 3,830 शिक्षक उपलब्ध हैं, जबकि 2,183 पद रिक्त हैं। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के अनुसार रिक्त पदों को चयन आयोग के माध्यम से शीघ्र भरा जाएगा।
सरकार के अनुसार सीबीएसई व्यवस्था लागू होने के बाद सरकारी स्कूलों में करीब 24 हजार विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है। वहीं, इन स्कूलों की फंडिंग प्रदेश सरकार स्वयं कर रही है और केंद्र से कोई वित्तीय सहायता नहीं मिली है।भाजपा विधायकों ने सीबीएसई शिक्षकों को केवल 10 महीने का वेतन देने, नियमितीकरण, शिक्षकों की कमी और स्कूलों के चयन के आधार पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठाई।

