Reading: बड़ू साहिब में गर्ल्स एनसीसी कैडेट्स का जोश, 600 कैडेट्स ले रहीं सैन्य प्रशिक्षण

बड़ू साहिब में गर्ल्स एनसीसी कैडेट्स का जोश, 600 कैडेट्स ले रहीं सैन्य प्रशिक्षण

RamParkash Vats
3 Min Read

राजगढ़/सिरमौर। बड़ू साहिब स्थित एटरनल यूनिवर्सिटी परिसर में फर्स्ट हिमाचल प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी सोलन की ओर से 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर एटीसी-247 आयोजित किया जा रहा है। शिविर में हिमाचल प्रदेश के आठ जिलों के करीब 20 स्कूलों और कॉलेजों से लगभग 600 गर्ल्स एनसीसी कैडेट्स हिस्सा ले रही हैं। शिविर में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ नेतृत्व, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र सेवा के लिए तैयार किया जा रहा है।

कलगीधर ट्रस्ट बड़ू साहिब के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण, फायरिंग, मैप रीडिंग, हथियार संचालन, फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेट्स में आत्मविश्वास, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

आधुनिक दौर की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और एसएसबी से संबंधित विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता और कठिन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की योग्यता विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां भी शिविर का हिस्सा हैं। बेस्ट कैडेट, बेस्ट इंस्टीट्यूशन और बेस्ट ड्रिल स्क्वाड प्रतियोगिताओं के साथ निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

बाइट—कर्नल विवेक भटारा, कमांडिंग ऑफिसर, 1 हिमाचल प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी सोलन।

कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विवेक भटारा ने बताया कि वार्षिक प्रशिक्षण शिविर एनसीसी कैडेट्स के प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि फरवरी-मार्च 2027 में होने वाली एनसीसी परीक्षा को देखते हुए एटीसी-247 विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। शिविर में कैडेट्स को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

शिविर के सफल संचालन के लिए अधिकारी, जेसीओ, एनसीओ, एएनओ, सीटीओ, जीसीआई और सहायक सिविल स्टाफ सहित अनुभवी प्रशिक्षण अमला सेवाएं दे रहा है। कर्नल भटारा ने शिविर के आयोजन में सहयोग के लिए कलगीधर ट्रस्ट बड़ू साहिब और एटरनल यूनिवर्सिटी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

बड़ू साहिब में आयोजित यह 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर युवा कैडेट्स के लिए सैन्य प्रशिक्षण के साथ व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता निखारने का महत्वपूर्ण मंच बनकर सामने आया है। शिविर से प्रशिक्षण प्राप्त कर कैडेट्स आत्मविश्वासी, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज व राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार होंगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!