Reading: मैरा में घर का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण व एक लाख की नकदी उड़ाई, पुलिस जांच में जुटी

मैरा में घर का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण व एक लाख की नकदी उड़ाई, पुलिस जांच में जुटी

RamParkash Vats
3 Min Read

ज्वाली। पुलिस थाना ज्वाली के तहत ग्राम पंचायत मैरा के वार्ड नंबर-8 में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मकान मालिक पवन कुमार ने बताया कि उनके रसोईघर के साथ लगते कमरे में उन्होंने रात करीब 11 बजे ताला लगाया था। सुबह करीब साढ़े चार बजे आंख खुलने पर कमरे का दरवाजा खुला मिला, जबकि ताला गायब था। इसके बाद उन्होंने परिजनों और भाइयों को जगाया।

कमरे के अंदर रखी छोटी गोदरेज अलमारी को भी लॉक किया गया था, लेकिन चोरों ने किसी वस्तु की मदद से अलमारी का लॉक तोड़ दिया। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें नथ, टीका, दो अंगूठियां, सोने के कांटे, चांदी की एक जोड़ी छगले, पैरियां तथा दोनों बेटों के कंगन शामिल बताए जा रहे हैं, चोर अपने साथ ले गए।

इसके अलावा अलमारी में रखी एक लाख रुपये की नकदी भी चोरी कर ली गई। पवन कुमार के अनुसार आभूषण जिस डिब्बी में रखे थे, उसे चोर खाली कर मौके पर ही छोड़ गए, जबकि अलमारी का टूटा हुआ ताला अपने साथ ले गए।

वारदात के बाद चोर करीब 100 मीटर दूर रेलवे लाइन के पास 500 रुपये के नोटों का एक हार छोड़कर फरार हो गए। पवन कुमार ने बताया कि मकान में पलस्तर का काम चल रहा है और मजदूरों, मिस्त्री व दुकानदारों के भुगतान के लिए उन्होंने दो दिन पहले अपने भाई मिलाप सिंह से एक लाख रुपये उधार लिए थे।

घटना की सूचना पंचायत प्रधान रोहित कुमार को दी गई। प्रधान मौके पर पहुंचे और पुलिस थाना ज्वाली को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा परिजनों के बयान दर्ज किए।

क्राइम एंगल से पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को अंजाम देने वाले चोरों ने मकान की पहले से रेकी की थी या नहीं। आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और संभावित सुरागों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!