
पालमपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए कांगड़ा की टीम ने पालमपुर के लोहना स्थित होटल पोस्टकार्ड में कार्रवाई करते हुए 7.92 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 3 अक्तूबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर होटल के कमरा नंबर 304 में तलाशी के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य पठानिया (24) निवासी ठाकुरद्वारा, पालमपुर, दीपेन्द्र सिंह (32) निवासी सिरसा, हरियाणा, प्रांशुल कपूर (23) निवासी मारंडा, पालमपुर, कबीर (23) निवासी ठाकुरद्वारा, पालमपुर तथा ममता ठाकुर (27) निवासी संधोल, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में पुलिस थाना पालमपुर में एफआईआर संख्या 141/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से आया था और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या सप्लाई नेटवर्क की भूमिका है या नहीं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

