कांता कॉलेज ऑफ एजुकेशन, चलवाड़ा में 15 अगस्त ,स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन ठाकुर शुभकरण सिंह, प्राचार्या शिवानी मेहरा, शिक्षकगण, गैर-शिक्षक कर्मचारी तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत सुबह प्रार्थना सभा से हुई। प्रार्थना सभा में सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने एक साथ राष्ट्रगान का उच्चारण किया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से भर गया। इसके बाद पूरा कॉलेज परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। विद्यार्थियों में देश के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना देखते ही बन रही थी।इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या शिवानी मेहरा ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को संबोधित किया।

उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि 15 अगस्त केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन है, जिनके कारण हम आज स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी को बनाए रखना और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, मेहनत, एकता, सद्भावना और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनके कंधों पर राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक शिक्षक-प्रशिक्षण संस्थान के विद्यार्थी होने के नाते उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि भविष्य में वे समाज की नई पीढ़ी को शिक्षित एवं संस्कारित करने का कार्य करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र की सेवा के लिए करें तथा एक आदर्श एवं जिम्मेदार नागरिक बनें।
इस अवसर पर चेयरमैन ठाकुर शुभकरण सिंह ने भी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा देश के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने सभी में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और राष्ट्रप्रेम का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” का सामूहिक रूप से गायन किया। राष्ट्रीय गीत के साथ पूरा कॉलेज परिसर एक बार फिर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा।

