
चलवाड़ा, ज्वाली : महात्मा गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर कांता कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बी.एड. प्रथम सेमेस्टर के प्रशिक्षु अध्यापकों द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें कॉलेज के स्टाफ एवं प्रशिक्षु अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।जन सेवा अभियान के अंतर्गत कांता कॉलेज ऑफ एजुकेशन के बी.एड. तृतीय सेमेस्टर के प्रशिक्षु अध्यापकों द्वारा सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मैरा, ज्वाली, फतेहपुर, भरमाड़, धमेटा, बरियाल, बटाड़ी, मतलाहड़ और पलौड़ा के सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रशिक्षु अध्यापकों ने संबंधित विद्यालयों के स्टाफ एवं विद्यार्थियों के साथ मिलकर विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की तथा स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षु अध्यापकों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं विचारों पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि महात्मा गांधी जी स्वच्छता, सत्य, अहिंसा और सामाजिक जिम्मेदारी को अत्यंत महत्वपूर्ण मानते थे, जबकि लाल बहादुर शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों के लिए सदैव स्मरण किए जाते हैं।प्रशिक्षु अध्यापकों ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि स्वच्छ समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी और सक्रिय सहभागिता से संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्रप्रेम तथा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।

