Reading: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिद्धपुर-घाड़ में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिद्धपुर-घाड़ में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

RamParkash Vats
3 Min Read

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिद्धपुर-घाड़ में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यकारी प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा देवी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों और उपस्थित शिक्षकों ने राष्ट्रगान गाया तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताएं और भाषणों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंज उठा।

विद्यालय स्टाफ की ओर से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के साथ-साथ नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के लाइव कार्यक्रम का भी सीधा प्रसारण देखा।

प्राथमिक पाठशाला के बच्चों के चेहरे पर खिली खुशी

वहीं, राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला सिद्धपुर-घाड़ में भी स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बीडीसी सदस्य एवं युवा कांग्रेस नेता सचिन गुलेरिया ने विद्यालय के करीब 50 विद्यार्थियों को कॉपियां, पेंसिल, राष्ट्रीय ध्वज और चॉकलेट वितरित किए। शैक्षणिक सामग्री और चॉकलेट पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

सचिन गुलेरिया ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश का भविष्य बच्चे हैं और उन्हें बेहतर शिक्षा तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और भविष्य में देश व समाज के लिए बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षक व एसएमसी प्रधान रहे मौजूद

समारोह में कार्यकारी प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा देवी, प्रवक्ता रशपाल कौंडल, प्रवक्ता भीम राज, प्रवक्ता अनिल कुमार, प्रवक्ता स्वार अली, जीवन, पंकज, टीजीटी नवनिधि, किशोरी लाल, अनीता, बबली, रजनी तथा विशेष रूप से एसएमसी प्रधान तिलक राज शास्त्री सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!