Reading: स्वतंत्रता दिवस पर देवामानल पंचायत में एग्रीस्टैक किसान पंजीकरण का महाअभियान, विशेष ग्राम सभा में उमड़े किसान

स्वतंत्रता दिवस पर देवामानल पंचायत में एग्रीस्टैक किसान पंजीकरण का महाअभियान, विशेष ग्राम सभा में उमड़े किसान

RamParkash Vats
2 Min Read

सिरमौर/नोहराधार, 15 अगस्त। कपिल शर्मा

80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत देवामानल में ध्वजारोहण समारोह के उपरांत आयोजित विशेष ग्राम सभा में एग्रीस्टैक (AgriStack) किसान पंजीकरण एवं सत्यापन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत क्षेत्र के किसानों, महिला मंडलों, नवयुवक मंडलों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा भूमि मालिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए Farmer ID के लिए पंजीकरण एवं सत्यापन करवाया।

जिला सिरमौर के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड संगड़ाह तथा तहसील नोहराधार के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत देवामानल में आयोजित इस विशेष अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। किसानों ने मौके पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर Farmer ID पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करवाई।

इस अवसर पर पटवारी पिकी ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण एवं सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि Farmer ID भविष्य में किसानों को विभिन्न कृषि एवं सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

शिविर के दौरान पटवारी तथा लोक मित्र केंद्र (CSC) ऑपरेटर की मौजूदगी में किसानों का आधार आधारित सत्यापन और Farmer ID पंजीकरण किया गया। कई किसानों ने शिविर में ही अपनी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करवाई।

पटवारी पिकी ठाकुर ने बताया कि जो किसान किसी कारणवश शिविर में पंजीकरण नहीं करवा पाए हैं, वे अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र (CSC) में जाकर ऑनलाइन Farmer ID पंजीकरण करवा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की रिपोर्ट राजस्व विभाग को प्राप्त होगी, जिसके आधार पर सत्यापन एवं आगे की आवश्यक प्रक्रिया विभाग द्वारा पूरी की जाएगी।

उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाने की अपील करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत देवामानल में शत-प्रतिशत किसान पंजीकरण का लक्ष्य जनसहयोग से शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, नवयुवक मंडलों तथा समस्त ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!