Reading: नूरपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समरोह

नूरपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समरोह

RamParkash Vats
2 Min Read

नूरपुर, 15 अगस्त2026: उपमंडल स्तरीय 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह राजकीय आर्य डिग्री कॉलेज,नूरपुर में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उपमंडलाधिकारी अरुण शर्मा ने इस मौके पर राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया तथा पुलिस,होम गार्ड, स्कूलों के एनसीसी, स्काऊटस एंड गाईड तथा एनएसएस की टुकड़ियों द्वारा निकाले गए आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये।

अपने संबोधन में एसडीएम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और उत्साह का दिन है। देश की आजादी अनेक महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के संघर्ष, त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। उन्होंने सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आजादी का अर्थ केवल स्वतंत्र जीवन जीना नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना भी है।

उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए देश की एकता,अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपमंडल प्रशासन की प्राथमिकता जनसेवा, विकास तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिले।

इस अवसर पर एसडीएम द्वारा परेड तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के उपरांत एसडीएम ने कॉलेज परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

समारोह में एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज, एएसपी डीसी वर्मा,डीएसपी चन्द्र पाल, तहसीलदार राधिका सैनी,नगर परिषद की अध्यक्ष नीति महाजन,उपाध्यक्ष सोनिया सोगा,एसएचओ सुरिन्द्र कुमार,एनपीएस के प्रबन्ध निदेशक अरविंद डोगरा,विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, बच्चे,अभिभावकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!