उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा
एग्रीस्टैक पोर्टल के तहत पंचायत स्तर पर लगाए जाएंगे विशेष किसान पंजीकरण शिविर

नाहन, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को जिला सिरमौर की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने आवश्यक आदेश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार विशेष ग्राम सभा के साथ-साथ जिले की सभी ग्राम पंचायतों में एग्रीस्टैक पोर्टल के तहत विशेष किसान पंजीकरण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। पंचायत स्तर पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को पंजीकरण प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रक्रिया को प्रभावी बनाना है।
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभा के लिए कोरम की अनिवार्यता नहीं होगी, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण और किसान इसमें भाग ले सकें तथा किसान पंजीकरण शिविर का लाभ उठा सकें।
जिला प्रशासन ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों, संबंधित अधिकारियों और ग्रामवासियों से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष ग्राम सभा में बढ़-चढ़कर भाग लें और एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसान पंजीकरण की प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने पंचायत स्तर पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और किसानों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।

