केंद्र से मिली राशि के साथ प्रदेश सरकार भी अपने संसाधनों से उपलब्ध करवाएगी आवश्यक धनराशि, नूरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

NURPUR::उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की महत्वाकांक्षी फिना सिंह सिंचाई परियोजना को नवंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। करीब 644 करोड़ रुपये लागत वाली इस परियोजना पर प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से पहले ही लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। केंद्र सरकार से वित्तीय सहायता स्वीकृत होने के बाद अब प्रदेश सरकार भी आवश्यक राशि उपलब्ध करवाएगी, ताकि परियोजना का निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।
ऊना से चंबा जाते हुए नूरपुर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नूरपुर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र रहा है और यहां कांग्रेस संगठन की भूमिका हमेशा मजबूत रही है। प्रदेश सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ संगठन को भी मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि फिना सिंह सिंचाई परियोजना पूर्व मंत्री स्वर्गीय सत महाजन का सपना था। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद परियोजना को पूरा करने के लिए गंभीरता से प्रयास शुरू किए गए तथा इसकी फंडिंग का मामला केंद्र सरकार के समक्ष लगातार उठाया गया। उन्होंने कहा कि परियोजना में बांध का निर्माण महत्वपूर्ण कार्य है और सरकार इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए भी सरकार कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम कर रही है। कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार पर करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, ढगवार में अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसकी प्रारंभिक क्षमता 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन होगी, जिसे भविष्य में तीन लाख लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाया जा सकेगा। इससे कांगड़ा सहित आसपास के जिलों के हजारों दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि बनखंडी में आधुनिक चिड़ियाघर विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। नगरोटा बगवां में पर्यटन विकास के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर के फाउंटेन सहित विभिन्न परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार किया जा रहा है। जहां-जहां चार्जिंग स्टेशन तैयार होंगे, वहां इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। नूरपुर में भी इलेक्ट्रिक बसें चलाने की मांग पर सरकार सकारात्मक विचार करेगी।
भाजपा के पास जनता के सवालों का जवाब नहीं : मुकेश
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर राजनीतिक मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ‘ऑपरेशन लोटस’ को पराजित किया है। उन्होंने चंदे से जुड़े सवालों, मंदिर निर्माण को लेकर राजनीति, नीट पेपर लीक, छात्रों के आंदोलनों और किसान आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का युवा और किसान वर्ग केंद्र सरकार से सवाल कर रहा है।
उन्होंने कहा कि संसद में भी जनहित के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपेक्षित चर्चा नहीं हो पाई। विदेश नीति को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के सामने मजबूत राजनीतिक विकल्प है और राहुल गांधी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं।
कर्मचारियों को पुरानी पेंशन कांग्रेस ने दी : अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का महत्वपूर्ण निर्णय कांग्रेस सरकार ने लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड में भी सत्ता में आने पर कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर उन्होंने कहा कि हिमाचल में इनके दाम पड़ोसी राज्यों की तुलना में अभी भी कम हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल की कीमत में मामूली बढ़ोतरी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने के उद्देश्य से की गई है।
पूर्व विधायक अजय महाजन ने फिना सिंह सिंचाई परियोजना के लिए केंद्र से धनराशि स्वीकृत करवाने के प्रयासों के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने नूरपुर में इलेक्ट्रिक बसें चलाने की मांग भी रखी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अजय महाजन, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नूरपुर के अध्यक्ष सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

