
रामपुर बुशहर। किन्नौर की रूपी वैली में बुधवार रात आसमान से गिरे कहर ने एक भेड़ पालक की जिंदगी भर की मेहनत को पलभर में तबाह कर दिया। राज्यश्री कंडे में रात करीब 11 बजे अचानक बिजली गिरने से लगभग 200 भेड़-बकरियों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय भेड़ पालक टेंट में मौजूद था। बिजली गिरने की तेज आवाज और घटना के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच पशुधन का भारी नुकसान हो गया। गनीमत रही कि भेड़ पालक इसकी चपेट में आने से बच गया।
एक साथ करीब 200 पशुओं की मौत से भेड़ पालक को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। घटना ने पशुपालक परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही वीरवार को पशुपालन विभाग और राजस्व विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं, जहां अधिकारियों द्वारा नुकसान का जायजा लिया जा रहा है।
रूपी वैली में हुई यह घटना एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम की अनिश्चितता और पशुपालकों की जोखिम भरी परिस्थितियों को सामने लाती है। प्रभावित भेड़ पालक ने प्रशासन से नुकसान का उचित आकलन कर सरकारी राहत और आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।

