Reading: रामकुंड चौराहे पर ‘पंच द्वार’ निर्माण नौ वर्षों से लंबित, मुख्यमंत्री से दोबारा की गई मांग

रामकुंड चौराहे पर ‘पंच द्वार’ निर्माण नौ वर्षों से लंबित, मुख्यमंत्री से दोबारा की गई मांग

RamParkash Vats
3 Min Read

– सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद होगा निर्माण: ईओ

न्यूज इंडिया आजतक राज्य चीफ ब्यूरो: अनुज कुमार जैन

महमूदाबाद, सीतापुर। नगर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले रामकुंड चौराहे पर प्रस्तावित ‘पंच द्वार’ का निर्माण पिछले नौ वर्षों से अधूरा पड़ा है। इस मुद्दे को लेकर लक्ष्मी गणेश कुबेर सुख-समृद्धि कल्याण सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को दोबारा पत्र भेजकर शीघ्र निर्माण की मांग की है।

राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 25 अगस्त 2017 को जनहित में पंच द्वार निर्माण का प्रस्ताव रखा गया था। उन्होंने कहा कि रामकुंड चौराहा नगर का प्रमुख धार्मिक और सामाजिक केंद्र है, जहां पांच प्रमुख मार्ग एक-दूसरे से मिलते हैं। चौराहे के मध्य में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित है, जबकि उत्तर दिशा में हनुमान जी एवं भगवान श्रीराम मंदिर तथा दक्षिण दिशा में काली माता मंदिर स्थित हैं। ऐसे में यह स्थान हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि वर्षों के दौरान प्रशासन की ओर से कई बार निर्माण का आश्वासन दिया गया। अवर अभियंता द्वारा स्थल निरीक्षण कर लागत का अनुमान भी तैयार किया गया तथा नगर पालिका परिषद ने इसे कार्ययोजना में शामिल कर टेंडर प्रक्रिया से निर्माण कराने की बात कही थी। जिलाधिकारी कार्यालय से भी आवश्यक निर्देश जारी हुए, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

राजेश कुमार सिंह ने कहा कि लगातार पत्राचार और अधिकारियों के संज्ञान में मामला होने के बावजूद नौ वर्षों से केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। उन्होंने 30 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में एक बार फिर पंच द्वार निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पंच द्वार का निर्माण होने से रामकुंड चौराहे की धार्मिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और नगर के सौंदर्यीकरण को नई पहचान मिलेगी। लोगों का मानना है कि प्रशासनिक विलंब के कारण यह महत्वपूर्ण जनहित का कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा है।

इस संबंध में नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के अधिशाषी अधिकारी पवन किशोर ने बताया कि रामकुंड चौराहे के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इसी कारण फिलहाल पंच द्वार का निर्माण स्थगित रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होते ही पंच द्वार का निर्माण भी कराया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!