
महमूदाबाद सीतापुर- रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 34 वर्षीय जिम ट्रेनर रणजीत सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब मृतक के परिजनों ने इसे महज एक दुर्घटना मानने से इनकार कर दिया। परिजनों ने रणजीत की मौत के पीछे गहरी साजिश की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग को लेकर रामपुर मथुरा-गुड़ैचा मार्ग पर जाम लगा दिया।

जिम से लौटते समय हुआ हादसा
रामपुर मथुरा निवासी रणजीत सिंह (पुत्र जसविंदर सिंह) पेशे से जिम ट्रेनर थे। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह सदरपुर स्थित जिम में युवाओं को ट्रेनिंग देकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वह हादसे का शिकार हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रणजीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि दुर्घटना में शामिल दूसरी बाइक का चालक भी मौके से भाग निकला।
ससुराल पक्ष पर साजिश का आरोप
रणजीत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सड़क पर उतरे परिजनों का आरोप है कि रणजीत का अपने ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते तीन युवकों ने साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया है। परिजनों ने तीनों संदिग्धों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

