
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की नौहराधार शाखा में वर्ष 2024 में सामने आए करोड़ों रुपये के बहुचर्चित बैंक घोटाले की जांच पूरी होने के बाद बैंक प्रबंधन द्वारा दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई का तहसील नौहराधार किसान सभा और प्रभावित उपभोक्ताओं ने स्वागत किया है। किसान सभा का कहना है कि यह कार्रवाई बैंक की साख को पुनः स्थापित करने और आम लोगों का विश्वास मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
किसान सभा के अध्यक्ष रवींद्र चौहान और सचिव दिनेश कुमार द्वारा जारी संयुक्त बयान में बताया गया कि बैंक प्रबंधन अब तक लगभग 98 प्रतिशत प्रभावित किसानों और उपभोक्ताओं की गबन की गई राशि का भुगतान कर चुका है। इससे लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों को बड़ी राहत मिली है तथा बैंकिंग व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा दोबारा मजबूत हुआ है।
हालांकि, किसान सभा ने यह भी कहा कि कुछ मामलों का निपटारा अभी शेष है। इन मामलों में संबंधित किसानों और उपभोक्ताओं के पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी जमा राशि अथवा ऋण खातों का अंतिम समाधान नहीं हो पाया है। सभा ने बैंक प्रबंधन से आग्रह किया है कि ऐसे सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि कोई भी प्रभावित परिवार अपनी मेहनत की कमाई के लिए और अधिक समय तक इंतजार करने को विवश न हो।
संयुक्त बयान में यह मांग भी उठाई गई कि घोटाले के मुख्य आरोपी सहायक प्रबंधक को सेवा से बर्खास्त किए जाने के बाद अब उन कर्मचारियों और अधिकारियों के मामलों की भी निष्पक्ष समीक्षा की जाए, जिन्हें जांच के दौरान निलंबित किया गया था। किसान सभा का कहना है कि यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी की संलिप्तता जानबूझकर किए गए गबन में सिद्ध नहीं हुई है, तो आवश्यक विभागीय प्रक्रिया अथवा नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर उन्हें शीघ्र सेवा में बहाल किया जाना चाहिए।
किसान सभा अध्यक्ष रवींद्र चौहान ने कहा कि बैंक प्रशासन को दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रखते हुए उन कर्मचारियों के साथ भी न्याय करना चाहिए, जिनकी भूमिका जांच में गंभीर रूप से प्रमाणित नहीं हुई है। उनका मानना है कि इससे एक ओर बैंक का कार्य संचालन सुचारु रहेगा, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों का मनोबल भी बना रहेगा।
किसान सभा ने आशा व्यक्त की कि बैंक प्रबंधन शेष लंबित मामलों का भी शीघ्र समाधान कर प्रभावित किसानों और उपभोक्ताओं को पूर्ण न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगा।
रवींद्र चौहान, अध्यक्ष, किसान सभा, तहसील नौहराधार।

