Reading: रिकॉर्डतोड़ कर्ज पर सरकार श्वेत पत्र जारी करे, 2027 में कांग्रेस का विधायक दल ‘आल्टो’ में समा जाएगा: मेलाराम शर्मा

रिकॉर्डतोड़ कर्ज पर सरकार श्वेत पत्र जारी करे, 2027 में कांग्रेस का विधायक दल ‘आल्टो’ में समा जाएगा: मेलाराम शर्मा

RamParkash Vats
3 Min Read

प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं और पूर्व भाजपा सरकार द्वारा जनहित में खोले गए करीब दो हजार संस्थानों को बंद कर दिया गया है।

हिमाचल प्रदेश | जिला सिरमौर उपमंडल संगड़ाह


शिमला। सिरमौर जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने चार वर्षों में प्रदेश को भारी आर्थिक संकट की ओर धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने रिकॉर्ड स्तर पर कर्ज लिया है, लेकिन जनता को यह नहीं बताया जा रहा कि इस धन का उपयोग आखिर किस उद्देश्य के लिए किया गया।
मीडिया को जारी बयान में मेलाराम शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद वर्ष 2022 तक हिमाचल प्रदेश की विभिन्न सरकारों द्वारा कुल लगभग 69,500 करोड़ रुपये का कर्ज लिया गया था, जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल में ही करीब 45,000 करोड़ रुपये का ऋण ले लिया है। उनका दावा है कि यदि सरकार अगले एक वर्ष में भी इसी गति से कर्ज लेती रही तो यह आंकड़ा 60,000 करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं और पूर्व भाजपा सरकार द्वारा जनहित में खोले गए करीब दो हजार संस्थानों को बंद कर दिया गया है। ऐसे में यह बड़ा सवाल है कि इतना भारी-भरकम कर्ज आखिर कहां खर्च किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कर्ज के उपयोग को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की, ताकि प्रदेश की जनता के सामने पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झूठी चुनावी गारंटियों के सहारे सत्ता हासिल की, लेकिन चार वर्ष बीत जाने के बावजूद एक भी प्रमुख गारंटी पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर सकी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने नई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू करने के बजाय पूर्व भाजपा सरकार की कई लोकप्रिय योजनाओं को बंद कर दिया या उनका बजट रोक दिया।
मेलाराम शर्मा ने कहा कि हाल ही में हुए निकाय और पंचायती राज चुनावों के परिणाम इस बात का प्रमाण हैं कि जनता का कांग्रेस सरकार से मोहभंग हो चुका है। उनका दावा है कि प्रदेश के अधिकांश स्थानीय निकायों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक जनसमर्थन मिला है, जबकि कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।
उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। उन्होंने राजनीतिक कटाक्ष करते हुए कहा कि “2027 के चुनाव के बाद कांग्रेस का पूरा विधायक दल एक आल्टो कार में समा जाएगा।”

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!