प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र भरमाड़ में जिला स्तरीय प्रशिक्षण, नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, कॉपर एवं जिंक के उपयोग पर दी विस्तृत जानकारी

ज्वाली, 31 जुलाई2026 ,रिपोर्ट: राम प्रकाश | NEWS INDIA AAJ TAK
इफको द्वारा जिला कांगड़ा की जवाली तहसील स्थित जिला स्तरीय प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र भरमाड़ कृषि सेवा सहकारी समिति में इफको नैनो उर्वरकों के उपयोग एवं जागरूकता को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न कृषि सेवा सहकारी समितियों के सचिवों, विक्रेताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में इफको हिमाचल प्रदेश के राज्य विपणन प्रबंधक डॉ. सुधीर सिंह कटियार, इफको कांगड़ा के डेलिगेट करण ओबेरॉय, राज्य कार्यालय शिमला से वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक पवन सारस्वत तथा भरमाड़ कृषि सेवा सहकारी समिति के प्रधान साधु राम विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को इफको द्वारा विकसित विश्व के प्रथम नैनो यूरिया लिक्विड प्लस, नैनो डीएपी, नैनो कॉपर एवं नैनो जिंक के उपयोग, लाभ और आधुनिक खेती में उनकी भूमिका की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि आधुनिक तकनीक से निर्मित नैनो यूरिया प्लस में 20 प्रतिशत नाइट्रोजन उपलब्ध होती है, जिससे फसलों को बेहतर पोषण मिलने के साथ उत्पादन क्षमता में वृद्धि होती है।

विशेषज्ञों ने इफको के सागरिका उत्पाद एवं नैनो डीएपी के माध्यम से पारंपरिक रासायनिक उर्वरकों, विशेषकर एनपीके 12:32:16 पर निर्भरता कम करने, पर्यावरण संरक्षण तथा सरकारी उर्वरक अनुदानों की बचत पर भी विस्तार से चर्चा की। प्रतिभागियों को खेतों में परीक्षण (ट्रायल) के माध्यम से नैनो उर्वरकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक पवन सारस्वत ने निकट भविष्य में उर्वरकों की उपलब्धता तथा उनके विकल्प के रूप में नैनो उर्वरकों के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों तक इस तकनीक को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं विक्रेताओं ने नैनो उर्वरकों के प्रचार-प्रसार और किसानों को इनके उपयोग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

