Reading: ई-टोकन व्यवस्था के विरोध में किसानों का अल्टीमेटम, 16 अगस्त से धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

ई-टोकन व्यवस्था के विरोध में किसानों का अल्टीमेटम, 16 अगस्त से धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

RamParkash Vats
2 Min Read

महमूदाबाद, सीतापुर /SCB/ANUJ KUMAR JAIN
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिला प्रभारी राम अधार वर्मा के नेतृत्व में किसानों की ओर से जिलाधिकारी सीतापुर को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी महमूदाबाद को सौंपा गया। ज्ञापन में जनपद में लागू ई-टोकन व्यवस्था पर गंभीर आपत्ति जताते हुए इसे गरीब किसानों के लिए खाद प्राप्त करने में बाधक बताया गया।

ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की मंशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है, लेकिन सीतापुर में खाद वितरण के लिए लागू ई-टोकन व्यवस्था के कारण गरीब किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है। संगठन ने मांग की कि यदि यह व्यवस्था वास्तव में सरल, पारदर्शी और किसान हितैषी है तो पहले इसे मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर, प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी तथा कृषि मंत्री के गृह जनपद देवरिया में लागू कर इसकी सफलता का परीक्षण कराया जाए।

किसान संगठन ने मांग की कि जब तक उक्त जनपदों में ई-टोकन व्यवस्था का सफल परीक्षण नहीं हो जाता, तब तक सीतापुर में किसानों को फार्मर रजिस्ट्री और आधार कार्ड के माध्यम से भी खाद उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा जिन सचिवों के पास कई समितियों का अतिरिक्त प्रभार है, उन्हें केवल एक समिति का कार्य सौंपने तथा सचिवविहीन समितियों में अन्य ब्लॉक अथवा तहसील कर्मचारियों की तैनाती कर खाद वितरण सुनिश्चित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में प्रशासन से किसानों की खाद संबंधी समस्या का शीघ्र समाधान करने की अपील की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन 16 अगस्त 2026 से तहसील परिसर महमूदाबाद में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।ज्ञापन पर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिला प्रभारी राम अधार वर्मा के हस्ताक्षर अंकित हैं।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!